मेरठ जनपद के बहसूमा थाना क्षेत्र स्थित अकरबपुर सादात गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी और हत्या को सांप के डसने का रूप देने की नाकाम कोशिश की। यह घटना मर्चेंट नेवी अफसर सौरभ हत्याकांड की याद दिलाती है, जिसने पूरे प्रदेश को हिला दिया था।
मृतक युवक अमित कश्यप उर्फ मिक्की (25 वर्ष) शनिवार रात रोज़ाना की तरह काम से लौटकर घर आया। खाना खाकर वह अपने कमरे में सो गया, जबकि उसकी पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सोने चले गए। सुबह जब वह नहीं उठा, तो परिजनों को शक हुआ। जब वे उसे जगाने कमरे में पहुंचे, तो पाया कि वह अचेत पड़ा है और उसके शरीर के नीचे एक जिंदा सांप दबा हुआ था।
परिजनों ने जब शव को देखा, तो उसमें सांप के काटने के 10 निशान पाए गए। इससे लगा कि युवक की मौत सांप के डसने से हुई है। परिजनों ने तुरंत सपेरे को बुलवाया, जिसने सांप को पकड़ लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और रिपोर्ट का इंतज़ार किया गया।
बुधवार देर शाम आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया। रिपोर्ट में साफ हुआ कि अमित की मौत सांप के काटने से नहीं, बल्कि दम घुटने से हुई थी।
पुलिस ने शक के आधार पर सबसे पहले अमित की पत्नी रविता को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप का नाम लिया। दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, अमरदीप और अमित एक ही गांव के रहने वाले थे और दोनों साथ में टाइल्स लगाने का काम करते थे। इसी दौरान अमरदीप का अमित की पत्नी रविता से प्रेम संबंध बन गया। जब अमित को इस रिश्ते की भनक लगी तो दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
रात में जब अमित गहरी नींद में था, तब रविता और अमरदीप ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घर में पहले से मौजूद सांप को उसके शव के नीचे दबा दिया, ताकि ऐसा लगे कि उसकी मौत सांप के डसने से हुई है।
अगर पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार न करती और सांप के डसने को ही मौत का कारण मान लेती, तो यह हत्या शायद कभी सामने नहीं आ पाती। लेकिन जांच में निकली सच्चाई ने एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर दिया।
साभार सहित
- ओवैसी साहब! अल्लाह के वास्ते आप हमें हमारे हाल पर छोड़ दीजिए….’ लखनऊ में रैली से पहले AIMIM प्रमुख के विरोध में पोस्टर वार - November 26, 2026
- UPPSC APO 2025 रिजल्ट पर हाईकोर्ट के फैसले के बाद भाजपा पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- ’22वीं परीक्षा हुई रद्द, नौकरी भाजपा के एजेंडे में ही नहीं’ - November 26, 2026
- सपा के साथ सीट शेयरिंग पर कांग्रेस नेताओं की जुबानी जंग के बाद हाईकमान सख्त, बयानबाजी पर लगाई रोक - November 26, 2026