लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन सदन में हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद बेहद खुशनुमा माहौल देखने को मिला। दरअसल, भाजपा विधायक केतकी सिंह की लगातार टोका-टाकी से नाराज होकर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना अपना हेडफोन पटक कर सदन से बाहर चले गए थे। उनके इस कड़े रुख से एक बार तो सदन में सन्नाटा पसर गया, लेकिन जब वे वापस लौटे तो नजारा पूरी तरह बदल चुका था।
वापस आने पर सतीश महाना ने अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए पुरानी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जब सदन में कोई अमर्यादित आचरण करता है, तो वह केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि सभी 403 विधायकों की छवि धूमिल करता है।” उन्होंने तंज कसते हुए ताश खेलने और कपड़े उतारने वाली पुरानी शर्मनाक घटनाओं की याद दिलाई।
शायरी से पिघली बर्फ
स्पीकर की नाराजगी दूर करने के लिए विपक्षी विधायकों ने मोर्चा संभाला। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि आपकी मुस्कुराहट से ही सदन मुस्कुराता है। वहीं, सपा विधायक कमाल अख्तर ने माहौल को हल्का करने के लिए शायरी पढ़ी: ”तुम रूठा न करो, सबकी जान चली जाती है। तुम हंसते रहते हो तो बिजली सी चमक जाती है।”
इस पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने चुटकी लेते हुए कहा कि “महबूबा वाली शायरी न सुनाया करो”, जिसके बाद पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा। इस तरह नोक-झोंक और गुस्से से शुरू हुई कार्यवाही हंसी-मजाक के साथ फिर से पटरी पर लौट आई।
- शारदा विद्यामंदिर में कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों का भव्य विदाई समारोह आयोजित - February 13, 2026
- Agra News: ADA का बड़ा तोहफा, अटलपुरम् टाउनशिप फेज-3 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, ऐसे करें आवेदन - February 13, 2026
- आगरा मर्डर मिस्ट्री: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर उजाड़ा अपना ही सुहाग, सुसाइड दिखाने को पंखे से लटकाया शव - February 13, 2026