महाराजगंज (उत्तर प्रदेश)। नेपाल सीमा से भारत में अवैध प्रवेश की कोशिश कर रही एक विदेशी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार की गई महिला उज्बेकिस्तान की रहने वाली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोनौली बॉर्डर पर शुक्रवार शाम आप्रवासन विभाग की टीम ने नेपाल से भारत में प्रवेश कर रही 36 वर्षीय उम्मीदा जोइरोवा को पकड़ लिया। जांच में यह सामने आया कि महिला के पास उज्बेकिस्तान का पासपोर्ट तो था, लेकिन भारतीय वीजा नहीं था।
पहले भी हो चुकी है निर्वासित
आप्रवासन अधिकारी प्रमोद कुमार दुबे ने बताया कि यह वही महिला है जिसे इसी साल 22 फरवरी को मुंबई एयरपोर्ट से ‘एग्जिट परमिट’ के तहत भारत से निर्वासित किया गया था। उसके खिलाफ भारत में दोबारा प्रवेश रोकने के लिए ‘लुक आउट सर्कुलर’ भी जारी किया गया था। इसके बावजूद उसने 22 अप्रैल को नेपाल के रास्ते अवैध तरीके से भारत में प्रवेश किया।
पुलिस कर रही है जांच
थाना प्रभारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि उज्बेकिस्तान की इस महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह भारत में किस मकसद से आई थी और यहां उसके संपर्क किन लोगों से हैं।
मुंबई में भी पकड़े गए थे विदेशी नागरिक
गौरतलब है कि हाल ही में मुंबई पुलिस ने छह अफगान नागरिकों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शहर में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पूछताछ में वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद सभी को हिरासत में ले लिया गया।
नेपाल सीमा से विदेशी नागरिकों के अवैध प्रवेश के लगातार मामले सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अब और सतर्क हो गई हैं।
-एजेंसी
- आगरा के SN मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों का कमाल: चार वर्षीय मासूम की भोजन नली में पांच दिन से फंसे ₹5 के सिक्के को एंडोस्कोपी से निकाला बाहर - September 19, 2026
- फतेहपुर सीकरी में श्मशान घाट को लेकर उपजा विवाद: टीन शेड डलवाने को लेकर हुए धरने-प्रदर्शन के बाद सांसद राजकुमार चाहर के हस्तक्षेप से निकला समाधान - September 19, 2026
- महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा: आगरा की प्रिंटिंग प्रेस से जूतों के सोल में छिपाकर निकाले गए थे प्रश्नपत्र, 3500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल - September 19, 2026