आगरा/गाजियाबाद। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गाजियाबाद जिले में 18 घंटे के भीतर दो सब इंस्पेक्टरों की हार्टअटैक से मौत हो गई। दोनों अपनी-अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। अचानक सीने में दर्द उठा। साथी पुलिसवाले अस्पताल ले गए। वहां उनको मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक आगरा जनपद के निवासी थे।
एक साथ दो दरोगा के निधन से पुलिस महकमे में शोक है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के शिप्रा सन सिटी चौकी प्रभारी रामवीर सिंह की गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अटैक आया। साथी पुलिसवाले तुरंत नजदीक के अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। अटैक आने से कुछ देर पहले ही रामवीर सिंह ड्यूटी चेकिंग करके पुलिस चौकी पर लौटे थे। वर्ष 2015 बैच के दरोगा रामवीर सिंह मूलत: आगरा जिले में बाह थाना क्षेत्र स्थित गांव मधेपुरा के रहने वाले थे। पुलिस लाइन परिसर में कमिश्नर अजय कुमार मिश्र व अन्य अधिकारियों ने सब इंस्पेक्टर रामवीर सिंह के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और श्रद्धांजलि दी।
गाजियाबाद के ही वेव सिटी थाना क्षेत्र की लालकुआं चौकी पर तैनात सब इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह की शुक्रवार दोपहर मौत हो गई। साथी पुलिसवालों के अनुसार, ड्यूटी पॉइंट पर मौजूद थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी। ऐसा लगा, जैसे हार्टअटैक आया हो। वे तुरंत छत्रपाल सिंह को लालकुआं के पास एक अस्पताल में ले गए, यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उपनिरीक्षक रामवीर सिंह तोमर उम्र (33) की मौत से उनका परिवार व मढेपुरा गांव शोक से डूबा हुआ है। मढेपुरा के महाराज सिंह के बेटे रामवीर सिंह गाजियाबाद में ही फ्लैट लेकर अपनी पत्नी डोली उर्फ कृष्णा सिंह और बेटी आराध्या, बेटे निशांत के साथ रह रहे थे। पिता महाराज सिंह तोमर ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिन में बेटे से बात हुई थी तब तक सब कुछ ठीक था। उप निरीक्षक की मौत की खबर से पूरे गांव मढेपुरा में शोक की लहर है।
- लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी स्लीपर बस, एक महिला की मौत, कई यात्री घायल - March 23, 2026
- काश! वह साथ लौट आती… नाराज पत्नी को लाने गए युवक की हादसे में मौत, बाह में मचे कोहराम से हर आंख नम - March 23, 2026
- देसाई फाउंडेशन ने भारत में 1.2 करोड़ लोगों तक पहुँचने की बड़ी उपलब्धि हासिल की - March 23, 2026