UP nikay chunav agra BJP

UP Nikay Chunav नगर निगम आगरा के 40 वार्डों में भाजपा के विद्रोही दे रहे कड़ी चुनौती

Election

वार्ड 89 हरजूपुरा और वार्ड 95 बाग फरजाना भाजपा के अजेय वार्ड रहे हैं

वार्ड 29 धांधूपुरा से ऐसे व्यक्ति को टिकट जिसे भाजपा कार्यकर्ता नहीं जानते

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी से आए लोगों को टिकट देने से नाराजगी

डॉ. भानु प्रताप सिंह

Live Story Time

Agra, Uttar Pradesh, India. स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को कई स्तर पर चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम आगरा की बात करें तो अधिकांश सीटों पर विद्रोही खड़े हुए हैं। टिकट वितरण को लेकर काफी नाराजगी है। इस बार खटीकपाड़ा के चारों वार्ड में खटीक समाज विरोध कर रहा है। खटीक समाज के किसी भी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया गया है। भाजपा ने दो मंडल अध्यक्षों को छोड़कर बाकी सभी को पार्षद का टिकट नहीं दिया है। जिन्हें टिकट नहीं मिला है, वे खुलकर विरोध कर रहे हैं। हद तो यह है कि भाजपा ने हिस्ट्रीशीटर को टिकट दिया है, जो पिछली बार समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। इस बार समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से आए कार्यकर्ताओं और पार्षदों को टिकट दिया गया है। जो लोग कांग्रेस में विधानसभा टिकट नहीं ले पाए, उन्हें भाजपा ने पार्षद का टिकट देकर संतुष्ट कर दिया है।

समाजवादी पार्टी के पार्षद राकेश जैन और कांग्रेस के रवि माथुर को भाजपा ने टिकट दिया है। ये भाजपा में शामिल हो गए थे। वर्षों से इनके खिलाफ काम कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को इनकी जिंदाबाद करनी पड़ रही है। इस बात को लेकर भी कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। वार्ड 10 चारसू दरवाजा, वार्ड 95 बाग फरजाना, वार्ड 90 राममोहन नगर से भाजपा प्रत्याशियों को कड़ी चुनौती पेश आ रही है। करीब 40 वार्डों में भाजपा के सामने विद्रोही चुनौती बनकर खड़े हैं। यहां हमने 25 वार्डों का ब्योरा जुटाया है।

दूसरी ओर भाजपा ने दो वार्डों में पार्षद  निर्विरोध चुनवा लिए हैं, जो बड़ी उपलब्धि है। वार्ड 54 जयपुर हाउस से समाजवादी पार्टी की क्षमा जैन सक्सेना ने पर्चा वापस लिया तो भाजपा की रेनू गुप्ता (पत्नी जयकुमार गुप्ता) निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। इससे पहले वार्ड 94 ईएफजी ब्लॉक कमलानगर से प्रदीप अग्रवाल को निर्विरोध हुए थे। इन दो वार्डों में यह समस्या आने वाली है कि महापौर के चुनाव में मतदान प्रतिशत कम होगा, क्योंकि पार्षद प्रत्याशी ही मतदाताओं को घर से बाहर निकलने के लिए प्रेरित करते थे। वे अब निर्विरोध चुन लिए गए हैं।

आगरा महापौर चुनाव में जातिगत समीकरण बना भाजपा के लिए चुनौती, वाल्मीकि और खटीक समाज की बेरुखी न पड़ जाए भारी

वार्ड 89 हरजूपुरा और वार्ड 95 बाग फरजाना भाजपा के अजेय वार्ड रहे हैं। वार्ड 95 में पार्षद संजय राय के विद्रोह से भाजपा के सामने खतरा पैदा हो गया है। उल्लेखनीय है कि आगरा में 4 मई को मतदान है। 13 मई को मतगणना होगी। भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की फौज है, जो जुटी हुई है। पहले जैसा उत्साह दिखाई नहीं दे रहा है।

वार्ड 29 धांधूपुरा से भाजपा ने ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया है, जिसे भाजपा का कोई कार्यकर्ता नहीं जानता है। टिकट मिलने का कारण है कि वह होटल व्यवसायी है और विभव नगर में कोठी है।

वार्ड नंबर 40 आजमपाजड़ा (अनुसूचित जाति) से भाजपा ने रवि दिवाकर को पार्षद का टिकट दिया है। वह शाहगंज थाने का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है। उसका हिस्ट्रीशीटर होने का थाने पर लगा बोर्ड वायरल हो रहा है। रवि दिवाकर इससे पहले 2012 में सपा के टिकट से चुनाव लड़ चुका है। यह प्रत्याशी आगरा छावनी से भाजपा विधायक डॉ. जीएस धर्मेश का चहेता बताया जा रहा है।

वार्ड 45 कटरा फुलेल से भाजपा प्रत्याशी राजेश सोनकर है। रवि माहौर भाजपा के विद्रोही हैं। वह भगवा झंडा लगाकर चुनाव लड़ रहे हैं। संघ और भाजपा के लोग उनके साथ हैं। उनके पक्ष में राठौर समाज भी एक हो गया है।  हाल यह है कि विधानसभा चुनाव की तरह सभा कर रहे हैं।

आगरा: बागियों को मनाने में जुटी भाजपा, कहीं नोट तो कहीं मनोनीत का प्रलोभन

वार्ड 48 मंडी सईद खां से भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ भाजपा का मंडल उपाध्यक्ष निर्दलीय खड़ा हुआ है।

वार्ड 50 सीता नगर  से भाजपा ने सविता चौहान को टिकट दी है, जो भाजपा के मंडल अध्यक्ष मंगल सिंह की पत्नी हैं। इसके विरोध में महिला मोर्चा महानगर कोषाध्यक्ष भावना शर्मा निर्दलीय चुनाव लड़ रही हैं।

वार्ड 53 ट्रांस यमुना से प्रकाश केशवानी शेरा भाई को पार्टी ने फिर से को टिकट दिया है। उनके खिलाफ भाजपा के विद्रोही हुकुम सिंह तोमर चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी स्थिति मजबूत बताई जा रही है।

वार्ड 55 शाहदरा से पार्टी ने विजय वर्मा को टिकट दिया है। यहां से भाजपा कार्यकर्ता गजेन्द्र वर्मा विरोध में आ गए हैं। उन्हें पिछली बार भी टिकट नहीं दिया गया था। इस कारण वे काफी गुस्से में बताए गए हैं।

वार्ड 57 उखर्रा से भाजपा प्रत्याशी धर्मवीर सिंह लोधी है। जगदीश कुशवाहा भाजपा विद्रोही के रूप में दम लगा रहे हैं।

वार्ड 59 नगला मेवाती से महाराजज सिंह लोधी की पतनी गीता को टिकट मिला है। यहां से कुशवाहा भाजपा की विद्रोही है।

वार्ड 62 सरलाबाग से भाजपा ने राजेश रावत को प्रत्याशी बना गया है। यहां से भाजपा के दयालबाग मंडल अध्यक्ष भरत शर्मा को टिकट मिलने की बात कही गई थी। इस नाते वे तैयारी कर रहे थे। भरत शर्मा ने निर्दलीय पर्चा भरके भाजपा के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।

वार्ड 63 तेलीपाड़ा से भाजपा प्रत्याशी गुड्डू राठौर हैं। भाजपा विद्रोही अशोक कुशवाहा चुनौती दे रहे हैं।

वार्ड 67 में श्याम सुंदर अग्रवाल मंडल महामंत्री को टिकट, उसके विरोध में हरेन्द्र सिंह सिकरवार ने अपनी माताजी को खड़ा कर दिया बसपा की टिकट पर। आगरा महानगर के किसान मोर्चा अध्यक्ष श्यमा सिंह चाहर ने निर्दलीय पर्चा भरा था, जिसे विधायक ने आश्वासन देकर बैठा दिया।

वार्ड 69 आवास विकास दक्षिणी ने भूरी सिंह राजपूत को टिकट दिया गया है। वे पिछली बार पराजित हो गए थे। आरोप है कि इस वार्ड से डॉ. विजय वशिष्ठ को टिकट देने का आश्वासन दिया गया था। इस कारण चुनाव से पूर्व उनसे पार्टी ने लाखों रुपये खर्च करा लिए। इसका असर कहीं न कहीं तो पड़ेगा।

वार्ड 71 दहतोरा से भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र राजपूत हैं। उन्हें भाजपा के विद्रोही हरी किशन फौजी निर्दलीय लड़कर चुनौती दे रहे हैं।

वार्ड 72 नगला पदी से भाजपा ने अमरेश राज कुशवारह को टिकट दिया है। वे भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह के पुत्र हैं।

वार्ड 75 आवास विकास कॉलोनी से भाजपा ने गौरव शर्मा को टिकट दिया है। उन्हें भाजपा कार्यकर्ता ज्योति कश्यप चुनौती दे रही हैं। वर्तमान पार्षद सुषमा जैन निष्क्रिय हो गई हैं। जिलाध्यक्ष के भ्राता राजेन्द्र कुशवाह चुनावी मैदान में हैं। इस तरह पार्टी का घर में ही विरोध हो रहा है।

UP Nikay Chunav नगर निगम आगरा में भाजपा का एक और प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, वार्ड 90 में मंजू वार्ष्णेय की BJP को चुनौती

वार्ड 77 शहीदनगर से भाजपा ने सतीश पुरी को टिकट दिया है। उनके खिलाफ भी भाजपा का विद्रोही है।

वार्ड 86 विजय नगर कॉलोनी से नेहा गर्ग गुप्ता भाजपा प्रत्याशी है। यहां से भाजपा के विद्रोही ऋषभ गुप्ता ने ताल ठोक रखी है। ऋषभ को आगरा उत्तर से भाजपा विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की पसंद बताया जा रहा है।

वार्ड 89 हरजूपुरा से भाजपा प्रत्याशी आशीष कुमार सिंह हैं। यहां से भाजपा विद्रोही हरेन्द्र राजपूत  आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

वार्ड 90 राममोहन नगर से भाजपा ने प्रवीना राजावत को टिकट दिया है। उनके खिलाफ श्रीमती मंजू वार्ष्णेय ने झंडा बुलंद कर रखा है। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचारक का परिवार से हैं।  बताते हैं कि संघ और भाजपा के कार्यकर्ता मंजू वार्ष्णेय का साथ दे रहे हैं।

वार्ड 91 बल्केश्वर मुरारीलाल गोयल को भाजपा ने कार्यकर्ता बताते हुए टिकट दिया है जबकि वे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट न मिलने पर पार्टी में शामिल हुए थे। यहां से पार्टी के पुराने कार्यकर्ता चुनौती पेश कर रहे हैं।

वार्ड 95 बाग फरजाना से जाने-माने लेखक बाबू गुलाब राय के प्रपौत्र संजय राय पार्षद का चुनाव जीते थे। इस बार पार्टी ने उनका टिकट काटकर दूसरे वार्ड से पार्षद शरद चौहान को टिकट दे दिया। इससे कुपित संजय राय निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। इस वार्ड में भाजपा के सामने कड़ी चुनौती है।

वार्ड 96 धनकोट फव्वार से पार्टी ने राजू मेहरा का टिकट दिया है। उनके खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता मीना वर्मा समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

वार्ड 97 गोबर चौकी में भी भाजपा को विद्रोही प्रत्याशी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्ड 98 विभव नगर में केवल तीन प्रत्याशी हैं सुधीर हाठौर भाजदपा का है। सपा का सुभाश कुशावाहा, समाज का राठौर विद्रोही है।

इन वार्डों में कभी नहीं जीती भाजपा
सोहल्ला, ख्वासपुरा, राजनगर, गैलाना, ककरैठा, मंडी सईद खां, बुंदू कटरा, गैलाना, लायर्स कालोनी, वार्ड- 90 बल्केश्वर, ताजगंज का गुम्मट, लंगड़े की चौकी में नगला हरमुख, नाई की सराय, ढोली खास मंटोला, राम नगर और सिकंदरा वार्डों में से कुछ बहुजन समाज पार्टी तो कुछ समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाते हैं। यहां पर भाजपा कभी चुनाव नहीं जीती है।

UP Nikay chunav आगरा के सभी मेयर को भाजपा ने लड़वाया है चुनाव, अधिकांश जीते, Governor, MLA, Minister भी बने, क्या 2024 में नवीन जैन को मिलेगा मौका

 

Dr. Bhanu Pratap Singh