लखनऊ। उत्तर प्रदेश आज अपना स्थापना दिवस मना रहा है। 24 जनवरी 1950 को संयुक्त प्रांत का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश रखा गया था और इसी दिन प्रदेश का गठन हुआ माना जाता है। इतिहास में उत्तर प्रदेश की नींव 1902 में “यूनाइटेड प्रॉविंस ऑफ आगरा एंड अवध” के रूप में पड़ी थी। बाद में 1950 में इसे उत्तर प्रदेश नाम मिला।
गौरतलब है कि साल 2000 तक उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा था, लेकिन बाद में पहाड़ी क्षेत्रों को अलग कर नया राज्य बनाया गया, जिसे पहले उत्तरांचल कहा गया और बाद में उसका नाम उत्तराखंड हो गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को उनकी शुभकामनाएं।
राष्ट्रपति ने कहा कि गौरवशाली इतिहास और समृद्ध संस्कृति वाली यह धरती भारत की विकास यात्रा में मजबूत आधार स्तंभ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा और राज्य के मेहनती व प्रतिभाशाली लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पीएम मोदी बोले- यूपी का सामर्थ्य देश की प्रगति में काम आएगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। पीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत को समृद्ध करने में उत्तर प्रदेश का योगदान अमूल्य रहा है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार और जनता की सहभागिता से उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में “बीमारू से बेमिसाल” बनने तक का सफर तय किया है। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि देश की प्रगति को गति देने में उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य बहुत काम आने वाला है।
अमित शाह ने कहा- यूपी विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर में बना रहा नए रिकॉर्ड
गृहमंत्री अमित शाह ने भी उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति की विरासत से समृद्ध, गंगा-यमुना की पावन भूमि उत्तर प्रदेश ने देश को संस्कृति, साधना, शक्ति और संकल्प का मार्ग दिखाया है।
अमित शाह ने कहा कि डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और उन्होंने प्रदेश के लगातार आगे बढ़ते रहने की कामना की।
सीएम योगी का संदेश- यूपी बना भारत के विकास का “ग्रोथ इंजन”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर खास तौर पर विदेशों में रह रहे प्रवासी उत्तर प्रदेशियों को संबोधित किया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रवासी भारतीयों ने अपने परिश्रम, प्रतिभा और मूल्यों के जरिए उत्तर प्रदेश और भारत का मान वैश्विक मंच पर बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रवासियों के अनुभव और ज्ञान को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि असीम संभावनाओं वाला उत्तर प्रदेश अब संघर्ष और नीतिगत उदासीनता की बेड़ियों को तोड़ते हुए “बीमारू” से निकलकर भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है।
- Agra News: चंबल पुल के पास ‘रोड होल्ड-अप’, शादी से लौट रहे दो युवकों को बदमाशों ने घेरा; मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटी - February 17, 2026
- एटा मर्डर मिस्ट्री: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रचा मौत का खेल, वैलेंटाइन डे पर दोस्त ने ही ली दोस्त की जान - February 17, 2026
- विधानसभा घेराव के दौरान ‘रणक्षेत्र’ बना लखनऊ: पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्का मुक्की, अजय राय बोले— ‘बुलडोजर से नहीं चलती सरकार’ - February 17, 2026