मुंबई: किसी भी युवा के सुनहरे भविष्य की नींव शिक्षा और कौशल के साथ-साथ उचित पोषण पर टिकी होती है। इसी विज़न को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई के कांदिवली स्थित ‘अटल बिहारी वाजपेयी कौशल्य विकास केंद्र’ में मालाबार ग्रुप की महत्वकांक्षी ‘हंगर फ्री वर्ल्ड’ पहल का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस कार्यक्रम के तहत, केंद्र में प्रशिक्षण ले रहे 100 मेधावी विद्यार्थियों को अब प्रतिदिन निःशुल्क पौष्टिक भोजन प्रदान किया जाएगा, ताकि वे स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं से मुक्त होकर पूरी एकाग्रता के साथ अपने करियर निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
इस अवसर पर मंत्री पीयूष गोयल ने कौशल विकास की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा, “युवाओं को सशक्त बनाना और उन्हें वैश्विक स्तर के रोजगार के लिए तैयार करना हमारी प्राथमिकता है। जब हम पोषण जैसी बुनियादी आवश्यकताओं का समाधान करते हैं, तो छात्र अपनी पढ़ाई और व्यक्तिगत विकास पर कहीं बेहतर तरीके से ध्यान दे पाते हैं।”
यह पहल महज भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के युवाओं को एक सशक्त भविष्य देने का बड़ा प्रयास है। मालाबार ग्रुप ने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 200 करोड़ रुपये के बजट की घोषणा की है। यह राशि शिक्षा, स्वास्थ्य, भूख उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बड़े सामाजिक बदलाव लाने के काम आएगी।
मालाबार ग्रुप के चेयरमैन एम.पी. अहमद ने इस साझेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पोषण और शिक्षा का गहरा तालमेल है। उन्होंने कहा, “‘हंगर फ्री वर्ल्ड’ के जरिए हमारा उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना है।
यह प्रोजेक्ट इस बात का प्रमाण है कि जब सरकार और कॉर्पोरेट जगत एकजुट होकर सामाजिक सरोकारों के लिए काम करते हैं, तो समाज के समग्र विकास के लिए अवसरों के नए द्वार खुलते हैं।”
-अनिल बेदाग
- वन्देमातरम के 150 वर्ष: आगरा में डेढ़ लाख तो देशभर में एक करोड़ लोगों ने एक स्वर में किया राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन - September 25, 2026
- बहराइच के मिहींपुरवा में खौफनाक नजारा: सड़क किनारे की झोपड़ी में चारपाई पर आराम करता दिखा तेंदुआ, फ़ोटो वायरल - September 25, 2026
- सावधान: एसएमएस, फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए APK फाइल भेजकर बैंक खातों पर हाथ साफ कर रहे साइबर शातिर, पुलिस और ग्रीन गैस कंपनी ने शुरू किया जागरूकता अभियान - September 25, 2026