केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू बोले, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट कोई सरकार नहीं हैं – Up18 News

केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू बोले, हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट कोई सरकार नहीं हैं

EXCLUSIVE

 

न्यायपालिका से लेकर कॉलेजियम सिस्टम तक जैसे मुद्दों पर केंद्रीय किरण रिजिजू चर्चा में हैं। शनिवार को भी उन्होंने एक निजी चैनल के कार्यक्रम में भी इन्हीं सब मुद्दों पर बात की। इसके अलावा उन्होंने सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जजों की नियुक्तियों पर बोलते हुए कहा कि वह कोई सरकार नहीं हैं, जजों की कई तरह की शिकायतें आती हैं। जजों की छुट्टियों को जायज ठहराते हुए रिजिजू ने कहा कि जजों को भी छुट्टियां मनानी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी पर लंदन वाले उनके बयान पर भी तीखा हमला किया।

जजों की छुट्टियों पर ये बोले रिजिजू

केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने निजी चैनल से बातचीत के दौरान जजों की छुट्टियों वाले सवाल पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जहां तक जजों की छुट्टियों की बात है तो यह मुद्दा पिछले साल भी संसद में उठा था। सवाल था कि आखिर जज लगातार छुट्टी पर क्यों जाते हैं। मैंने मंत्री के रूप में इस सवाल का जवाब भी दिया था लेकिन इसके उलट अगले दिन अखबारों में छपा कि कानून मंत्री कह रहे हैं कि जजों को छुट्टी पर नहीं जाना चाहिए।

इसके बाद यह बात ज्यूडिशरी तक पहुंच गई। कहा गया कि कानून मंत्री जजों को छुट्टियां नहीं मनाने नहीं देना चाहते जबकि मैंनै ऐसा कुछ भी नहीं कहा था। रिजिजू ने आगे कहा कि जजों को भी छुट्टी मनानी चाहिए। उन्हें भी छुट्टी की जरूरत होती है लेकिन हां… छुट्टी से अदालत में मामले लंबित होंगे।

कॉलेजियम सिस्टम पर क्या बोले किरण रिजिजू

कानून मंत्री किरण रिजिजू से कार्यक्रम के दौरान कॉलेजियम सिस्टम को लेकर भी सवाल पूछा गया। उन्होंने इस पर कहा कि सरकार का इसे लेकर क्या रुख है, यह कॉलेजियम को भी अच्छे से पता है। उन्होंने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के जजों की नियुक्ति की जो प्रोसेस है उसमें मेरी असहमति है। हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट कोई सरकार नहीं हैं। किरण रिजिजू ने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट, निचली अदालत से जजों को लेकर कई तरह की शिकायतें मेरे पास आती हैं। हालांकि हम उनका नाम सार्वजनिक नहीं कर सकते।

Dr. Bhanu Pratap Singh