​द आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन: विजय सामा दूसरी बार बने निर्विरोध अध्यक्ष, शपथ ग्रहण समारोह में व्यापारियों का उमड़ा जनसैलाब

PRESS RELEASE

आगरा। आगरा के जूता उद्योग की प्रमुख संस्था ‘द आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन’ के नवनिर्मित सभागार में मंगलवार का दिन ऐतिहासिक रहा। वर्ष 1956 से सेवा, एकता और विश्वास के मूल्यों पर अडिग इस संस्था ने अपने अध्यक्ष विजय सामा के दूसरे कार्यकाल का विधिवत शुभारंभ किया।

फेडरेशन के दूसरी बार निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष विजय सामा को निर्वाचन अधिकारी चाँद दीवान और प्रदीप मेहरा ने अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर आगरा के जूता व्यापारियों ने भारी संख्या में एकत्रित होकर अपने अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।

​उत्साह और सम्मान का संगम

शपथ ग्रहण समारोह किसी बड़े उत्सव जैसा दिखाई दिया। व्यापारियों ने फूल-मालाओं, पगड़ी और स्मृति चिन्ह भेंटकर विजय सामा के प्रति अपना अटूट विश्वास जताया। इस दौरान ‘विकास की पहचान-विजय सामा’ और ‘व्यापारियों की शान-विजय सामा’ के नारों से पूरा सभागार गूंज उठा। कार्यक्रम का आरंभ अध्यक्ष विजय सामा द्वारा संस्था के संस्थापक, स्वर्गीय राजकुमार सामा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया, जिसे उन्होंने अपना प्रेरणास्रोत बताया।

उपलब्धियों से भरा रहा पिछला कार्यकाल

कार्यक्रम का संचालन करते हुए अजय महाजन ने अध्यक्ष विजय सामा के पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सामा के नेतृत्व में जीएसटी विभाग द्वारा होने वाला व्यापारियों का उत्पीड़न और माल रोके जाने की समस्या का समाधान निकाला गया। इसके अलावा, नगर निगम के मैन्युफैक्चरिंग टैक्स को समाप्त करवाना और फेडरेशन के शानदार सभागार का नवनिर्माण उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। व्यापारियों ने एकमत होकर कहा कि इन्हीं जनहितैषी कार्यों के कारण विजय सामा को पुनः निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है।

​व्यापारी हितों के लिए संघर्ष रहेगा जारी

भावुक और कृतज्ञ अध्यक्ष विजय सामा ने अपने संबोधन में कहा कि फेडरेशन के संस्थापक स्वर्गीय राजकुमार सामा आज भी व्यापारियों के दिलों में जीवित हैं। उनसे मिली प्रेरणा ही मुझे हर विपरीत परिस्थिति में व्यापारियों के हक के लिए लड़ने का साहस देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और आगामी समय में भी व्यापारी हित में उनका संघर्ष और प्रयास लगातार जारी रहेगा।

ये रहे समारोह की शोभा

इस भव्य समारोह में आगरा के उद्योग जगत के कई दिग्गज शामिल हुए। इनमें शोभाराम पुरुषनानी, नरेंद्र पुरुषनानी (जेठा भाई), रंजीत सामा, एफमेक उपाध्यक्ष रूबी सहगल, टेकचंद, प्रमोद महाजन, अनिल अरोड़ा, दलप्रीत सिंह, संजय अरोड़ा, चंद्र मोहन सचदेवा (अध्यक्ष, सोल एसोसिएशन), रामनाथ डंग (अध्यक्ष, फोम एसोसिएशन), श्याम भोजवानी, संजय मगन, धर्मपाल कश्यप, गुन्नी भाई, राजू भाई, घनश्याम रोड़ा, चतरूमल जी, हितेश, अजय महाजन, हरीश वनजानी और घनश्याम लालवानी सहित अनेक गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh