​श्री हनुमत जयंती महोत्सव: आगरा में दिखेगा उज्जैन सा नजारा, बाबा महाकाल की पालकी और 551 किलो फलों के डोले संग निकलेगी शोभायात्रा

PRESS RELEASE

आगरा। ताजनगरी में आगामी 3 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर आस्था और भव्यता का एक ऐसा समागम होने जा रहा है, जो इतिहास रच देगा। श्री केसरीनंदन महोत्सव समिति द्वारा आयोजित होने वाली इस भव्य शोभायात्रा में इस बार उज्जैन के बाबा महाकाल की पालकी और काशी के कोतवाल महाराज की झांकी मुख्य आकर्षण होंगे। 551 किलो फलों से सजे विशाल डोले के साथ निकलने वाली यह यात्रा पूरे शहर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर देगी।

​दो दिवसीय अनुष्ठान: आमंत्रण पत्र का विमोचन

​वाटर वर्क्स स्थित होटल अतिथिवन में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में महंत योगेश पुरी और संरक्षक अजय अवागढ़ ने शोभायात्रा के आमंत्रण पत्र का विमोचन किया। महोत्सव की शुरुआत 2 अप्रैल को ‘आमंत्रण यात्रा’ से होगी। इसके अगले दिन यानी 3 अप्रैल की सुबह प्राचीन कुएं वाला मंदिर पर रामलला और हनुमानजी का भव्य महाभिषेक किया जाएगा। शाम होते-होते श्रीमनःकामेश्वर नाथ की नगरी में बाबा महाकाल की पालकी का दिव्य आगमन होगा।

​50 झांकियां और मथुरा का अखाड़ा

​संस्थापक सुधीर शर्मा और अध्यक्ष गौरव बंसल के अनुसार, 3 अप्रैल को दोपहर 2 बजे फुलट्टी चौराहे से भक्ति का यह कारवां शुरू होगा। इस बार शोभायात्रा में 551 किलो फलों का भव्य डोला। व मथुरा का मशहूर मां काली अखाड़ा और शहर के 10 चोटी के बैंड। औऱ 50 से अधिक दिव्य झांकियां, जिनमें रामलला और महाकाल गर्भगृह के दर्शन शामिल होंगे।
​पूरे मार्ग पर पुष्प और इत्र वर्षा के साथ आतिशबाजी का भव्य प्रदर्शन होगा।

​यात्रा मार्ग और दर्शन की व्यवस्था

शोभायात्रा फुलट्टी चौराहे से शुरू होकर सिंधी बाजार, किनारी बाजार, सुभाष बाजार, बेलनगंज और घटिया चौराहा होते हुए पुनः अपने प्रस्थान बिंदु पर संपन्न होगी। मार्ग में 48 स्थानों पर महाआरती और भक्तों के स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है।

​श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रोटोकॉल

​महाकाल डोला प्रभारी गप्पू शर्मा ने भक्तों से अपील की है कि वे बाबा महाकाल की पालकी की मर्यादा का विशेष ध्यान रखें। पालकी के समीप जूते-चप्पल, चमड़े की बेल्ट या पर्स लेकर आना वर्जित रहेगा। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में आने का अनुरोध किया है ताकि दर्शन की सुगमता बनी रहे।

इस भव्य आयोजन की तैयारी में पार्षद श्रीराम धाकड़, सचिव रवि दुबे और पूरी केसरीनंदन टीम दिन-रात जुटी हुई है।

Dr. Bhanu Pratap Singh