आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ताजनगरी आगरा में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब “वन डिस्ट्रिक्ट–वन माफिया” के दौर से बाहर निकलकर “वन डिस्ट्रिक्ट–वन मेडिकल कॉलेज” की पहचान बना चुका है। यथार्थ हॉस्पिटल के उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की सोच माफियाओं तक सीमित थी, लेकिन वर्तमान सरकार स्वास्थ्य और उत्तम शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है।
आंकड़ों से विपक्ष पर प्रहार
मुख्यमंत्री ने विकास की तुलना करते हुए बताया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में मात्र 17 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या आज बढ़कर 81 हो गई है। उन्होंने कहा, “नेशनल मेडिकल एसोसिएशन ने शर्तों को सरल किया है, यह सर्वोत्तम समय है जब यूपी के नौजवानों को उत्तम मेडिकल शिक्षा मिले।” उन्होंने प्रदेश में संचालित दो एम्स (AIIMS) और हर जिले में मेडिकल कॉलेज के लक्ष्य को सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के लिए नई पॉलिसी
स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के लिए सीएम योगी ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों के लिए नई पॉलिसी लाने जा रही है। उन्होंने निजी क्षेत्र का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की अपनी सीमाएं हैं, इसलिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बेहतर सुविधाओं के लिए निजी निवेश आवश्यक है। सरकार निजी क्षेत्र को पूर्ण समर्थन और सुरक्षा देगी।
फार्मा पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क का रोडमैप
मुख्यमंत्री ने यूपी को ‘मेडिकल हब’ बनाने का खाका पेश करते हुए कहा कि दवाओं के उत्पादन के लिए ललितपुर में 1500 एकड़ में फार्मा पार्क विकसित हो रहा है। वहीं, आगरा के करीब यमुना एक्सप्रेसवे पर 350 एकड़ में मेडिकल डिवाइस पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा आईआईटी कानपुर और एसजीपीजीआई लखनऊ में ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ बनाए जा रहे हैं।
राजनीतिक शिष्टाचार: प्रो. बघेल को मंच पर बुलाया
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष पल तब आया जब सीएम योगी की नजर मंच के सामने बैठे केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल पर पड़ी। मंच पर जगह कम होने के बावजूद मुख्यमंत्री ने प्रोटोकॉल से ऊपर उठकर आयोजकों को उन्हें मंच पर बुलाने का निर्देश दिया और अपने पास बैठाया। योगी के इस कदम को संगठन के भीतर एकजुटता और सम्मान के बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
संगठन के साथ आगामी चुनाव पर मंथन
अस्पताल के कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने अमर कन्वेंशन सेंटर में आरएसएस और भाजपा पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, आगरा में अतिक्रमण की समस्या और प्रशासनिक जवाबदेही जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जी.एस. धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह, छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और यथार्थ ग्रुप के चेयरमैन अजय त्यागी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
- सेनेटरी सुपरवाइजर संघ का विस्तार: चौधरी संतोष डागोर बने संविदा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, आगरा में संगठन को मिली नई मजबूती - June 10, 2026
- यूपी पंचायत चुनाव के लिए जारी हुई फाइनल लिस्ट: जानिए क्या है नया स्टेट वोटर नंबर और चुनाव की अपडेट - June 10, 2026
- ममता बनर्जी को दिल्ली में बड़ा सियासी झटका: सयानी घोष समेत 20 TMC सांसदों ने छोड़ा साथ, NDA को दिया समर्थन - June 10, 2026