कानपुर: जनपद को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए अब सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान के दौरान कभी न दवा खाने वाले या इनकार करने वाले लोगों की पहचान व उन्हें फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने पर विशेष फोकस है। इसके लिए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है ताकि आगामी 19 नवंबर से शुरू होने जा रहे एमडीए अभियान में ऐसे लोग भी दवा का सेवन करें।
गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में बिधनू ब्लाक के बाजपुर डेरा व जगदीशपुर गांव में नुक्कड़ नाटक का आयोजन हुआ। राजकीय इंटर कालेज खेरसा के छात्र-छात्राओं ने कभी न दवा खाने वाले व इनकार करने वाले लोगों को दवा अवश्य खाने के लिए प्रेरित किया। दोनों गांव में सैकड़ों लोगों ने बच्चों के नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिए गए संदेशों की सराहना की और इस बार एमडीए में अवश्य दवा खाने की वचन दिया।
इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश्वर ने कहा कि ये बच्चे आप लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसमें इनका कोई लाभ नहीं है। बस ये फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के बारे में जागरूक हैं। इसलिए आप लोग भी इस बार एमडीए अभियान के दौरान फाइलेरिया रोधी दवा जरूर खाएं। इससे जनपद फाइलेरिया मुक्त हो सकेगा।
जिला मलेरिया अधिकारी एके सिंह ने बताया कि फाइलेरिया मच्छरों से होने वाली बीमारी है और मच्छर गंदगी में पनपते हैं। इसलिए अपने आसपास साफ-सफाई रखें। यूं ही मच्छर आपसे दूर हो जाएंगे। इस मौके पर रेडियो कनपुरिया एफएम 90 से आरजे वर्षाव ज्योति ने भी लोगों को अपने स्टाइल में जागरूक किया।
इससे पहले बीते सप्ताह स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिधनु ब्लाक के उरियारा, रमईपुर, अफजलपुर व मगरासा गांव में भी लोगों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूक किया। नुक्कड़ नाटक करने वाले विद्यार्थियों में अनिकेत, अलीना, अनुराग, अनुष्का,वैष्णवी, परी, सुशीला, राखी, ललिता, सुमित, रागिनी शामिल थे।
- उत्तर प्रदेश में खेल संस्कृति कायाकल्प: योगी सरकार में ‘पदक लाओ, पद पाओ’ नीति से खिलाड़ियों का भविष्य हो रहा सुरक्षित - October 16, 2026
- गोंडा में बीजेपी को बड़ा झटका: पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी भवानी भीख शुक्ला परिवार समेत सपा में शामिल - October 16, 2026
- आगरा में ‘विश्व हाथ धुलाई दिवस’ पर बच्चों ने ली स्वच्छता की शपथ: सीएमओ बोले- साबुन से हाथ धोना बीमारी से बचाव का सबसे सरल उपाय - October 16, 2026