आगरा। ताजनगरी के फतेहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार शाम लुटेरों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। खेत बेचकर कर्ज चुकाने जा रहे चाचा-भतीजे की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर अपाचे सवार तीन बदमाशों ने 8 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। बैग बचाने के संघर्ष में एक पीड़ित को बदमाशों ने बाइक से करीब 50 मीटर तक घसीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
कर्ज चुकाने के लिए बेचा था ‘कलेजे का टुकड़ा’
पीड़ित निहाल सिंह और उनके चाचा बच्चूसिंह (निवासी गांव अई) के लिए यह रकम उनके जीवन की जमा-पूंजी थी। निहाल के पिता भगवती प्रसाद पर बैंक का करीब 3 लाख का कर्ज था, जो ब्याज समेत 8 लाख हो गया था। इसी भारी-भरकम कर्ज को उतारने के लिए परिवार ने अपना खेत बेचा था। शुक्रवार को खेत की रकम लेकर दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
पीछा कर रहे थे लुटेरे, मोड़ पर झोंकी मिर्च
वारदात उस समय हुई जब दोनों फतेहाबाद बाईपास रोड से गांव की ओर मुड़े। पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने अचानक उनकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डाल दिया। जलन के कारण जैसे ही बाइक असंतुलित हुई, बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया।
50 मीटर तक घसीटा, फिर दी जान से मारने की धमकी
साहस दिखाते हुए बच्चूसिंह ने बैग नहीं छोड़ा और लुटेरों से भिड़ गए। बेखौफ बदमाशों ने बाइक दौड़ा दी और बच्चूसिंह करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। जब बदमाशों ने तमंचा निकालकर गोली मारने की धमकी दी, तब जाकर उन्हें बैग छोड़ना पड़ा। वारदात के बाद लुटेरे फिरोजाबाद की ओर फरार हो गए।
पुलिस महकमे में हलचल, जांच तेज
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी सक्रिय हो गए। देर रात एडिशनल सीपी और डीसीपी पूर्वी ने घटनास्थल का मुआयना किया। फतेहाबाद इंस्पेक्टर तरुण धीमान के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हाईवे और बाईपास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
- यूपी विधानसभा का मॉनसून सत्र 3 अगस्त से: अनुपूरक बजट के साथ राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सदन में हो सकता हैं महासंग्राम - July 21, 2026
- सोनभद्र के ओबरा-सी पावर प्लांट की दोनों इकाइयां ठप, उमस भरी गर्मी के बीच यूपी में बिजली कटौती की आशंका - July 21, 2026
- जी.डी. गोयनका इंटरनेशनल स्कूल, सूरत में श्रद्धा से निकली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा - July 21, 2026