आगरा। कोतवाली के अंतर्गत शहर के प्रमुख सर्राफा मार्केट में गुरुवार की दोपहर हुए धमाके में चांदी की फैक्ट्री के संचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। धमाके से भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया। गैस सिलेंडर फटने से हुए इस धमाके में मृत एक युवक तो तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरा। हादसे में चार अन्य लोग भी घायल हुए।
कहा जा रहा है कि गैस सिलेंडर फटने से तीसरी मंजिल पर बने कारखाने में तीन भट्टियां फट गईं। धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों में भी झटके लगे। दुकानों के सीसीटीवी कैमरों में सिलेंडर फटने के झटके रिकॉर्ड हुए। धमाका होते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बीच दहशत में आए व्यापारियों ने पूरा किनारी बाजार क्षेत्र और चौबे जी का फाटक की सभी दुकानें बंद कर दी।
चौबेजी फाटक के सामने एक मकान में चांदी फैक्ट्री तीसरी मंजिल पर थी। यहां पर चांदी गलाने का काम होता था। इस मकान में महाराष्ट्र के सुनील पाटिल कारखाना चला रहे थे, धमाके में उनकी भी मौत हो गई। वह 25 साल से कारखाना चला रहे थे, उनके छोटे भाई दूसरी मंजिल पर कारखाना चलाते थे। दोनों मंजिल पर दो-दो कर्मचारी काम करते थे। जिस मजदूर की मौत हुई है, वह चार दिन पहले ही काम पर रखा गया था।
हादसे के बाद पुलिस ने बिल्डिंग को सील कर दिया। मार्केट के एक व्यापारी ने बताया कि दोपहर लगभग ढाई बजे तेज धमाके के साथ एक आग का गोला निकल कर आया जिससे गली से निकल रहे लोग भी झुलस गए। जब धुआं छटा तो एक युवक नीचे गिरा पड़ा था। उसे लोगों ने ई-रिक्शे की मदद से अस्पताल भेजा। पुलिस और फायर बिग्रेड की सूचना दी, फिर सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
- आगरा में भट्टी पूजन के साथ हुआ 18वें श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ: 1 से 5 सितंबर तक महालक्ष्मी मंदिर में सजेगा श्रीकृष्ण भक्ति का दरबार - August 29, 2026
- ताजमहल देखने गया 12 वर्षीय बालक यमुना नदी में डूबा, बचाने कूदा साथी लेकिन नहीं मिला सुराग; तलाश जारी - August 29, 2026
- सीतापुर में चोरी का अनूठा मामला: जेवर और कीमती सामान के साथ 30 किलो चीनी भी चुरा ले गए चोर, पुलिस जांच में जुटी - August 28, 2026