आगरा। अछनेरा–बिचपुरी मार्ग स्थित न्यू दक्षिणी बाईपास पर रायभा पुल के नीचे शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जसवंत (25 वर्ष) निवासी नगला लालदास के रूप में हुई है। शनिवार रात वह बाइक से जा रहा था, तभी रायभा पुल के नीचे किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। देर रात राहगीरों ने पुल के नीचे जसवंत का शव पड़ा देखा, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने रात में ही न्यू दक्षिणी बाईपास पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से न तो संकेतक लगाए गए और न ही कोई सुरक्षा इंतजाम किए गए।
सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और नाराज लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रायभा पुल के नीचे दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
- यूपी विधानसभा का मॉनसून सत्र 3 अगस्त से: अनुपूरक बजट के साथ राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर सदन में हो सकता हैं महासंग्राम - July 21, 2026
- सोनभद्र के ओबरा-सी पावर प्लांट की दोनों इकाइयां ठप, उमस भरी गर्मी के बीच यूपी में बिजली कटौती की आशंका - July 21, 2026
- जी.डी. गोयनका इंटरनेशनल स्कूल, सूरत में श्रद्धा से निकली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा - July 21, 2026