आगरा। ताजनगरी की थाना मलपुरा और साइबर पुलिस टीम ने एक सर्राफा कारोबारी से साढ़े बारह करोड़ रुपये की रंगदारी वसूलने की साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में धनौली के एक इमाम सहित चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक और ‘भोजपुरी’ भाषा का सहारा लेकर व्यापारी को धमका रहे थे।
चोरी के बाद शुरू हुआ रंगदारी का खेल
मामला ककुआ निवासी सर्राफा व्यापारी प्रमोद अग्रवाल से जुड़ा है। उनके प्रतिष्ठान में 19 फरवरी को चोरी हुई थी, जिसके बाद 23 फरवरी से उन्हें और उनके परिवार को अनजान नंबरों से जान से मारने की धमकियां मिलनी शुरू हुईं। धमकी देने वाले आरोपी 12.5 करोड़ रुपये की मोटी रकम के 20 प्रतिशत हिस्से की मांग कर रहे थे। 28 फरवरी को मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जाल बिछाया।
पहचान छिपाने के लिए हाईटेक ऐप्स का सहारा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद वशिष्ठ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी VPN पोर्टल, सेकेंड लाइन प्लस और जस्ट कॉल जैसे ऐप्स के जरिए वर्चुअल नंबर तैयार करते थे ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके।
फिल्मी स्टाइल में ‘रिहर्सल’ और स्क्रिप्ट
गैंग की कार्यप्रणाली बेहद शातिर थी। आरोपी पहले रंगदारी मांगने की पूरी स्क्रिप्ट तैयार करते थे, फिर पकड़े जाने के डर से उसे भोजपुरी भाषा में अनुवाद करते थे। रिहर्सल करने के बाद ही व्यापारी को फोन किया जाता था। कॉल खत्म होते ही सबूत मिटाने के लिए ये शातिर अपराधी लिखी हुई स्क्रिप्ट वाले कागज को चबाकर निगल जाते थे।
इनकी हुई गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने धनौली के इमाम लतीफउर्हमान, हृदेश (ककुआ), गौरव शर्मा (सैंया) और धीरज (मथुरा) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक सफेद स्विफ्ट कार, छह मोबाइल फोन और एक कॉपी बरामद हुई है। मोबाइल की जांच में धमकी से जुड़े ऑडियो, वीडियो और कई डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है ।
- आगरा में होली का उल्लास: सांसद नवीन जैन के आवास पर जुटा भाजपा का कुनबा, बेलनगंज में राधा-कृष्ण के मयूर नृत्य ने मोहा मन - March 5, 2026
- VPN और ऐप्स का मायाजाल: आगरा पुलिस ने ऐसे बेनकाब किया 12.5 करोड़ की रंगदारी वसूलने वाला हाईटेक गैंग, इमाम ही निकला मास्टरमाइंड - March 5, 2026
- आगरा में मातम में बदली होली: गांव लौट रहे युवक को एंबुलेंस चालक ने रौंदा, मौके पर ही मौत - March 5, 2026