नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा, कुश्ती संघ को भंग करने की झूठी खबर फैलाई जा रही है, ताकि आरोपी को बचाया जा सके। दरअसल, खेल मंत्रालय की तरफ से रविवार को बड़ा फैसला लिया गया था। खेल मंत्रालय ने नवनियुक्त भारतीय कुश्ती संघ को निलंबित कर दिया है। वहीं, अब प्रियंका गांधी ने इसको लेकर निशाना साधा है।
प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा कि, भाजपा सरकार कुश्ती संघ को भंग करने की झूठी खबर फैला रही है। कुश्ती संघ को भंग नहीं किया गया है, सिर्फ उसकी गतिविधियों को रोका गया है ताकि भ्रम फैलाकर आरोपी को बचाया जा सके। एक पीड़ित महिला की आवाज दबाने के लिए इस स्तर पर जाना पड़ रहा है? देश को गौरवान्वित करने वाली नामचीन खिलाड़ियों ने भाजपा सांसद पर यौन शोषण का आरोप लगाया तो सरकार आरोपी के साथ खड़ी हो गई। पीड़िताओं को प्रताड़ित और आरोपी को पुरस्कृत किया। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। महिला पहलवानों से आंदोलन वापस लेने की एवज में दिये गये आश्वासन को गृहमंत्री भूल गए।
इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि, अहंकार की पराकाष्ठा यह कि जिस भाजपा सांसद पर महिला खिलाड़ियों के यौन शोषण का आरोप है, उसने खुद ये भी फैसला करवा लिया कि अगला नेशनल गेम उसी के जिले में, उसी के कॉलेज ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस अंधेरगर्दी और अन्याय से हारकर ओलंपिक विजेता साक्षी मलिक ने कुश्ती ही छोड़ दी, खिलाड़ी अपने पुरस्कार वापस करने लगे तो सरकार अफवाह फैला रही है।
साथ ही लिखा, जहां भी किसी महिला पर अत्याचार होता है, यह सरकार अपनी पूरी सत्ता की ताकत के साथ आरोपी को बचाती है और पीड़ित को ही प्रताड़ित करती है। आज हर क्षेत्र में महिला नेतृत्व की बात होती है लेकिन सत्ता में बैठे लोग ही आगे बढ़ रही महिलाओं को प्रताड़ित करने, दबाने और हतोत्साहित करने में लगे हैं। देश की जनता, देश की महिलाएं यह सब देख रही हैं।
-एजेंसी
- ट्रंप के आगे सरेंडर हुई सरकार…ट्रेड डील विवाद पर कांग्रेस का तीखा हमला, मकर द्वार पर सांसदों का प्रदर्शन - February 12, 2026
- टीवी पत्रकारिता के एक ‘स्वर्णिम युग’ का अंत: दूरदर्शन की दिग्गज न्यूज रीडर सरला माहेश्वरी का निधन - February 12, 2026
- यूपी बजट पर छिड़ी ‘जुबानी जंग’: केशव मौर्य बोले- बजट से ‘साइकिल पंचर’, शिवपाल का पलटवार- सिंहासन भी हो जाते हैं पंचर - February 12, 2026