आगरा। इंजनों की गूंज, धूल उड़ाते ट्रैक और साहसी चालकों का जज्बा… ताजनगरी में शनिवार सुबह कुछ ऐसा ही मंजर देखने को मिला। ‘द आगरा ताज कार एडवेंचर रैली’ का कारवां शनिवार को आगरा से झांसी के लिए रवाना हुआ। मोटर स्पोर्ट्स क्लब ऑफ आगरा और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में 52 कार ड्राइवरों और 25 बाइक राइडर्स सहित कुल 77 प्रतिभागियों ने अपने साहस का प्रदर्शन किया।
दुर्गम रास्तों ने ली कौशल की परीक्षा
फतेहाबाद रोड स्थित होटल मैरिएट से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया यह कारवां आगरा-ग्वालियर बायपास, जैतपुर कैनाल और सुकमा-दुकमा डैम के घने जंगलों से होकर गुजरा। ऊबड़-खाबड़ पथरीले रास्तों और संकरे मोड़ों ने प्रतिभागियों के ड्राइविंग कौशल और टाइम मैनेजमेंट की कड़ी परीक्षा ली। 800 किलोमीटर के इस चुनौतीपूर्ण सफर में प्रतिभागियों ने बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया।
पर्यटन और रोमांच का अनूठा संगम
रैली के संरक्षक हरविजय सिंह बाहिया और चेयरमैन राममोहन कपूर ने बताया कि यह आयोजन केवल एक रेस नहीं, बल्कि आगरा और बुंदेलखंड के बीच छिपी प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक स्थलों को दुनिया के सामने लाने का एक माध्यम है। ऊबड़-खाबड़ रास्तों और डैम के किनारे से गुजरते हुए प्रतिभागियों ने बुंदेलखंड की भौगोलिक विविधता का अनुभव किया।
पुरस्कार वितरण आज
रविवार सुबह रैली का अंतिम चरण झांसी से पुनः आगरा के लिए शुरू होगा। शाम को आगरा पहुंचने के बाद विजेताओं के नामों की घोषणा की जाएगी और एक भव्य समारोह में उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। रैली के माध्यम से क्षेत्रीय पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
- आगरा में प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने पहले युवती को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया - October 7, 2026
- आगरा जनकपुरी महोत्सव: मिथिला की तर्ज पर सजा विवाह स्थल; राजा-रानी के स्वरूपों ने निभाई कन्यादान की रस्म, गूंजे ‘जय श्रीराम’ और ‘जय तुलसी माता’ के जयकारे - October 7, 2026
- दिल्ली में विपक्ष का जोरदार प्रदर्शन: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बोले- ‘ज्ञानेश कुमार देश के वैध चुनाव आयुक्त नहीं हैं’ - October 7, 2026