एत्मादपुर/आगरा। आगरा के एत्मादपुर स्थित मॉडल स्कूल मैदान में आगामी 30 जून को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती अत्यंत भव्यता के साथ मनाई जाएगी। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की जानकारी देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने बताया कि समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। साथ ही, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
सामाजिक प्रेरणा का केंद्र
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रो. बघेल ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को याद करते हुए कहा कि वे केवल एक समाज तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण और सुशासन का जो आदर्श स्थापित किया, वह आज भी प्रासंगिक है। उनके द्वारा देशभर में कराए गए मंदिरों के जीर्णोद्धार, जिनमें काशी विश्वनाथ मंदिर जैसे प्रमुख तीर्थ स्थल शामिल हैं, उनकी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
भव्य तैयारियों और विशेष व्यवस्थाएं
प्रो. बघेल ने बताया कि कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक लोगों के बैठने के लिए विशाल पंडाल और दो आधुनिक जर्मन हैंगर की व्यवस्था की गई है। भीषण गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पंखे, बड़े वाटर कूलर और पेयजल जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जन-जन तक निमंत्रण पहुंचाने के लिए वे स्वयं और उनके परिजन अब तक 125 से अधिक गांवों का दौरा कर चुके हैं।
राजनीति से परे सामाजिक आयोजन
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूर्णतः सामाजिक और सांस्कृतिक स्वरूप का है। उन्होंने कहा कि इसमें सभी वर्गों और राजनीतिक दलों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि कार्यक्रम का पूरा खर्च और व्यवस्थाएं निजी स्तर पर और समाज के सहयोग से की जा रही हैं, इसमें शासन की कोई आर्थिक सहायता नहीं ली जा रही है।
इस महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता में दिगम्बर सिंह धाकरे, गौरव शर्मा, नवीन गौतम, रोहित कत्याल, ब्रज मोहन धनगर, हरिओम बघेल, स्वदेश बघेल, दीपक बघेल, राकेश बघेल और डी.पी. सिंह फौजी सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
- गवाही देने की रंजिश में वारदात: आगरा में युवती पर हमले के मामले में पुलिस की जांच तेज, आरोपियों की तलाश जारी - June 28, 2026
- भैंस को बांधने के दौरान हुआ था हादसा: आगरा के पिनाहट में वृद्ध की मौत को लेकर फैली अफवाहों पर पुलिस ने लगाया विराम - June 28, 2026
- डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ चुनाव: 5 पदों पर 17 प्रत्याशी मैदान में, अध्यक्ष पद के लिए अनिल श्रीवास्तव और अखिलेश चौधरी में सीधी टक्कर - June 28, 2026