लखनऊ। भीषण गर्मी ने यूपी के लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। भीषण धूप, राजस्थानी हवाएं और हीटवेव के सितम को लोग पिछले एक हफ्ते से झेल रहे हैं। आलम यह है कि अब दोपहर बाद सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है। लोग बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
लखनऊ मौसम केंद्र की ओर से आज पूरे यूपी में हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया गया है। खास तौर पर दोपहर 12 बजे के बाद हीटवेव का सितम आज और बढ़ने जा रहा है। ऐसे में लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। हालांकि आपको बता दें कि अभी गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने जा रही है, क्योंकि मॉनसून की गति धीमी पड़ गई है। अभी तक मॉनसून के 15 जून से लेकर 25 जून के बीच आने की संभावना थी, लेकिन अब मॉनसून 20 से 30 जून के बीच आने का पूर्वानुमान है। यानी अभी बारिश के लिए प्रदेशवासियों को इंतजार करना पड़ेगा। जब तक मॉनसून नहीं आ जाता, तब तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। फिलहाल उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है।
हीटवेव का यहां रहेगा कहर
लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, कानपुर शहर, कानपुर देहात, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, बलिया चुर्क, बहराइच, फतेहपुर, बांदा, सुल्तानपुर, अयोध्या, मथुरा, फुरसतगंज, गाजीपुर, फतेहगढ़ और बस्ती में आज से हीट वेव का कहर जारी रहेगा। अधिकतम तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है।
वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, आगरा और बुंदेलखंड आज पूरे उत्तर प्रदेश में गर्म रहेंगे। यहां का अधिकतम तापमान आज भी 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है। यहां का न्यूनतम तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है। इन जिलों में आज से और पारा चढ़ेगा।
इन जिलों में गर्म हवाएं करेंगी परेशान
उरई, हमीरपुर, बरेली, शाहजहांपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़ और इटावा आजमगढ़, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, सहारनपुर, बाराबंकी, कन्नौज और हरदोई में आज तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है. यहां का न्यूनतम तापमान भी 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। यहां पर आज से तापमान चढ़ेगा।
Compiled by up18News
- आगरा के अछनेरा में साधु की निर्मम हत्या: सिर कूचकर लहूलुहान किया गया शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी, पुलिस जांच में जुटी - September 25, 2026
- नई दिल्ली में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की अहम मुलाकात, 2027 के विधानसभा चुनाव पर हुई चर्चा - September 25, 2026
- मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस, गूंजे “वोट चोर, गद्दी छोड़” के नारे - September 25, 2026