लखनऊ : उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश सरकार जल्द ही यूपी पुलिस में 24 हजार से अधिक पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इनमें करीब 19,220 पद सिपाहियों के हैं, जबकि 4,543 पद दरोगाओं (उप निरीक्षक) के लिए प्रस्तावित हैं। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने पूरी तैयारी कर ली है और अनुमान है कि 15 जून 2025 तक भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, यह प्रक्रिया पहले अप्रैल के अंतिम सप्ताह में शुरू होनी थी, लेकिन अब इसे जून के मध्य तक टाल दिया गया है। बोर्ड द्वारा डीजीपी मुख्यालय से भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार, सिपाही के 19,220 पदों में विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं। इनमें PAC के 9837 पद, PAC महिला वाहिनी के 2282 पद, नागरिक पुलिस के 3245 पद, सशस्त्र पुलिस के 2444 पद, विशेष सुरक्षा बल के 1341 पद और घुड़सवार पुलिस के 71 पद शामिल हैं।
24 हजार पदों पर जल्द निकलेगा विज्ञापन
उधर, उप निरीक्षक के कुल 4543 पदों में सबसे अधिक 4242 पद नागरिक पुलिस में हैं। इसके अतिरिक्त, प्लाटून कमांडर/उप निरीक्षक महिला वाहिनी के 106 पद, सशस्त्र पुलिस के 135 पद और विशेष सुरक्षा बल के लिए 60 पद प्रस्तावित हैं।
भर्ती प्रक्रिया में उम्र सीमा में तीन साल की छूट
गौरतलब है कि मंगलवार को प्रदेश कैबिनेट ने उप निरीक्षक भर्ती प्रक्रिया में उम्र सीमा में तीन साल की छूट देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी।
35 लाख से ज्यादा आवेदन की संभावना
इस भर्ती प्रक्रिया में करीब 35 लाख से अधिक आवेदनों के आने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले, नागरिक पुलिस के 60,244 पदों के लिए करीब 48 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। इस बार हालांकि अधिकांश पद PAC और सशस्त्र बलों में हैं, फिर भी भारी संख्या में आवेदन की उम्मीद की जा रही है। सूत्राें की मानें तो आगामी 15 जून तक विज्ञापन जारी हो सकता है। पहले यह अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में जारी करने की तैयारी थी।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती का बड़ा मौका
भर्ती का विज्ञापन जारी होते ही अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे। यूपी पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह एक सुनहरा मौका है, जिससे उन्हें सरकारी सेवा में प्रवेश पाने का अवसर मिलेगा।
-साभार सहित
- आगरा में सिस्टम की लापरवाही से सड़क के गड्ढे में दो घंटे फंसी रही एंबुलेंस: प्रसव में देरी के चलते जन्मी मृत बच्ची, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग - September 6, 2026
- जन्माष्टमी पर रिलीज हुआ नया आध्यात्मिक रैप गीत ‘मैं ही कृष्ण, मैं ही राम’: अंशुल चौबे और देव-ऋषि के संगीत ने युवाओं में जगाई धार्मिक और सांस्कृतिक रुचि - September 6, 2026
- लड्डू गोपाल झूले में झूले, नंदोत्सव की खुशियों में झूमा श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार: फतेहाबाद रोड पर सजी ब्रज की संस्कृति की अद्भुत छटा - September 6, 2026