आगरा। भारत विकास परिषद अमृतम् द्वारा संस्कृति माह के अंतर्गत श्रावण (सावन) मास के पावन अवसर पर आलोक नगर, स्टेट बैंक कॉलोनी, ऋषि मार्ग स्थित शिव मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ शिव उपासना एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। भगवान भोलेनाथ की आराधना, दीप प्रज्वलन, भजन संकीर्तन एवं सामूहिक प्रार्थना के बीच पूरा मंदिर परिसर शिवमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत विकास परिषद के ब्रज प्रांत से पधारी दीपा गर्ग द्वारा भगवान शिव के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सुख, समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई) रहे, जिन्होंने अपनी सुमधुर वाणी में “डमरू वाले बाबा तुमको आना होगा, डम-डम डमरू बजाना होगा” तथा “जगत में कोई न परमानेंट” जैसे लोकप्रिय भक्तिमय भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके भजनों पर श्रद्धालु शिव भक्ति में झूम उठे और पूरा परिसर “हर-हर महादेव” तथा “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा।
महिला सदस्यों की ओर से प्रीति गुप्ता के नेतृत्व में शिव भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गईं। भजन संकीर्तन में रेखा गुप्ता, अलका गुप्ता, पारुल जिंदल, कुसुम अग्रवाल, आशी अग्रवाल, ज्योति मित्तल, राधा गुप्ता, प्रभा अग्रवाल, संगीता अग्रवाल सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर भक्तिमय वातावरण का सृजन किया।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई) ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की उपासना, आत्मचिंतन और लोककल्याण का पवित्र पर्व है। भारत विकास परिषद अमृतम् भारतीय संस्कृति, संस्कार और सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों का निरंतर आयोजन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि भजन और सत्संग समाज में सकारात्मक ऊर्जा, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं।
ब्रज प्रांत की प्रतिनिधि दीपा गर्ग ने कहा कि भारतीय संस्कृति की आत्मा उसके पर्वों, उत्सवों और धार्मिक आयोजनों में निहित है। श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में शांति, संयम और सकारात्मकता का संचार करती है। उन्होंने परिषद के संस्कृति संरक्षण एवं समाज जागरण के प्रयासों की सराहना की।
परिषद के सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन और महिला प्रभारी एवं उपाध्यक्ष रेखा राज अग्रवाल ने बताया कि संस्कृति माह के अंतर्गत परिषद द्वारा विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जोड़ना तथा समाज में सेवा, संस्कार और समरसता की भावना को सुदृढ़ करना है।
- आगरा के नंद प्लाजा में पुलिस और एलआईयू का मेगा ऑपरेशन: 3 कैफे और 2 मिनी सिनेमाघर सील, 20 युवक-युवतियां हिरासत में - August 5, 2026
- आगरा में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश: लोहामंडी पुलिस ने ₹2 करोड़ से अधिक कीमत की 11 लग्जरी कारें की बरामद, आठ शातिर गिरफ्तार - August 5, 2026
- आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर सनसनी: चेन्नई से नई दिल्ली जा रही तमिलनाडु एक्सप्रेस में ट्रॉली बैग से मिले मानव शरीर के अवशेष - August 5, 2026