लखनऊ में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर IT का छापा: 50 अफसरों की टीम कर रही छानबीन, भारी पुलिस बल तैनात

REGIONAL

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में आज उस वक्त हलचल मच गई, जब राजधानी के पॉश इलाके गोमतीनगर में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर इनकम टैक्स (IT) की टीम ने धावा बोल दिया। 50 से अधिक अधिकारियों की इस बड़ी टीम ने पुलिस बल के साथ विधायक के घर और कार्यालय को चारों तरफ से घेर लिया है। स्थिति ऐसी है कि फिलहाल वहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता; किसी के भी अंदर आने या बाहर जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है।

हैरानी की बात यह है कि उमाशंकर सिंह वर्तमान में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और हाल ही में हुए ऑपरेशन के बाद अपने घर में आइसोलेशन में हैं। विभाग की सख्ती का आलम यह है कि विधायक की देखभाल के लिए तैनात डॉक्टर और नर्सों के आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई है।

छापेमारी की वजह और सियासी कनेक्शन

आयकर विभाग की यह कार्रवाई वित्तीय लेनदेन और बेनामी संपत्ति की जांच से जोड़कर देखी जा रही है। उमाशंकर सिंह राजनीति के साथ-साथ कंस्ट्रक्शन की दुनिया का भी बड़ा नाम हैं और पीडब्ल्यूडी (PWD) के बड़े ठेकेदार माने जाते हैं।

इस छापेमारी को हालिया सियासी विवादों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से बलिया में एक पुल के उद्घाटन को लेकर उमाशंकर सिंह और यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह के बीच तीखी जुबानी जंग चल रही थी।

फिलहाल विभाग ने इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन इस ‘रेड’ ने प्रदेश का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh