स्वच्छ जल से स्वस्थ जीवन की ओर कदम: भारत विकास परिषद नवज्योति ने सुभाष पार्क स्थित विद्यालय में दो नए आरओ वाटर प्लांट किए लोकार्पित

PRESS RELEASE





आगरा। भारत विकास परिषद नवज्योति द्वारा सुभाष पार्क स्थित सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दो आरओ वाटर प्लांट का लोकार्पण एवं उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। संस्था के इस सेवा कार्य से विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ को शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संरक्षक अजय शिवहरे, अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल, सचिव नितिन अग्रवाल, प्रवीन गोयल, सुषमा गोयल एवं प्रधानाचार्य सुमन राजपूत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों एवं संस्था के पदाधिकारियों ने आरओ वाटर प्लांट का उद्घाटन कर विद्यालय को समर्पित किया।

संरक्षक अजय शिवहरे और अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल ने कहा कि स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है। विशेष रूप से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। भारत विकास परिषद नवज्योति द्वारा इसी भावना के साथ शहर के विभिन्न विद्यालयों में आरओ वाटर प्लांट स्थापित करने का अभियान प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा इस अभियान के अंतर्गत 10 विद्यालयों में आरओ वाटर प्लांट लगाए जाएंगे, जिसकी पहली कड़ी में सरस्वती शिशु बालिका विद्या मंदिर में दो प्लांट स्थापित किए गए हैं।

सचिव नितिन अग्रवाल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज के ऐसे क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाना है जहां उनकी वास्तविक आवश्यकता है। विद्यालयों में बच्चों को प्रतिदिन स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के लिए आरओ प्लांट स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि भारत विकास परिषद नवज्योति सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय परिवार की ओर से भारत विकास परिषद नवज्योति के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य सुमन राजपूतने कहा कि स्कूल के दोनों मंजिलों पर दो आरओ वाटर प्लांट की सुविधा विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी।




Dr. Bhanu Pratap Singh