विश्वविद्यालय अनुदान आयोग UGC ने सोमवार को सभी उच्च शैक्षणिक संस्थानों से कहा कि वे छात्रों, कर्मचारियों और अन्य हितधारकों के बीच ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर जागरूकता फैलाएं। केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
यूजीसी के सचिव रजनीश जैन ने विश्वविद्यालय के कुलपतियों और कॉलेज के प्राचार्यों को लिखे पत्र में कहा, ”आजादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के तौर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू किया गया है ताकि नागरिकों को अपने घरों में भारत का राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। अभियान का मकसद लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और भारत के अभी तक के सफर और उन लोगों को याद करना है, जिन्होंने इस महान राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया।”
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने एक वेबसाइट www.harghartiranga.com बनाई है, जहां नागरिकों को झंडा लगाने और तिरंगे के साथ ली गई ‘सेल्फी’ (तस्वीर) अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
जैन ने कहा, ”सभी उच्च शैक्षणिक संस्थानों से अनुरोध है कि वे इस वेबसाइट के बारे में छात्रों, संकाय के सदस्यों, कर्मचारियों और अन्य हितधारकों को बताएं तथा सोशल मीडिया मंचों पर आधिकारिक हैशटैग #हरघरतिरंगा का इस्तेमाल करें।” उन्होंने कहा, ”13 से 15 अगस्त के बीच घरों पर तिरंगा लगाने के अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास भी किए जाने चाहिए।”
- दिल्ली में बारिश के चलते टला ‘सड़क पर संसद’ कार्यक्रम: अब शनिवार को होगा आयोजन, राहुल गांधी ने दी जानकारी - October 30, 2026
- आगरा में जाम से मिलेगी मुक्ति: प्रशासन और व्यापारियों के बीच 6 पार्किंग स्थलों पर बनी सहमति, सीडीओ ने दिए निर्देश - October 30, 2026
- कोडीन कफ सिरप सिंडिकेट की जांच आगरा पहुंची: STF की रडार पर कारोबारी देवेंद्र आहूजा उर्फ चिंटू, बिना बिलिंग खेल का शक - October 30, 2026