संबित पात्रा का आरोप, राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन और जाकिर नाइक से लिया मोटा चंदा – Up18 News

संबित पात्रा का आरोप, राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन और जाकिर नाइक से लिया मोटा चंदा

POLITICS

 

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रविवार को बड़ा कदम उठाते हुए राजीव गांधी फाउंडेशन का FCRA लाइसेंस रद्द कर दिया। गृह मंत्रालय न 2020 में गठित एक अंतर-मंत्रालयी समिति की जांच के बाद यह कार्रवाई की है। केंद्र सरकार के इस फैसले पर अबतक कांग्रेस या गांधी परिवार की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं दूसरी ओर बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस मसले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पात्रा ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि राजीव गांधी फाउंडेशन ने एक दो नहीं बल्कि तीन-तीन बार चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से डोनेशन लिया था। संबित पात्रा ने आगे कहा कि इस एनजीओ ने जाकिर नाइक की संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन से भी मोटी रकम चंदे के रूप में ली थी।

केंद्र के कदम का स्वागत, कांग्रेस पर पात्रा ने लगाए ये गंभीर आरोप

संबित पात्रा ने राजीव गांधी फाउंडेशन के FCRA लाइसेंस को रद्द करने के केंद्र के फैसले का स्वागत करने के साथ ही उन्होंने गांधी परिवार पर की गंभीर आरोप लगाए। पात्रा ने कहा कि राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन से एक दो नहीं बल्कि 3-3 बार चीन की कम्युनिस्ट पार्टी और चीन की एंबेसी से चंदा लिया था। उस समय इस फाउंडेशन की अध्यक्ष सोनिया गांधी हैं वहीं ट्रस्टी के रूप में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा हैं।

उन्होंने आगे कहा कि चीन की सरकर की तरफ से राजीव गांधी फाउंडेशन के पास डोनेशन के रूप में करोड़ो रुपये आए थे। पात्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि जब डोकलाम के मुद्दे पर भारत-चीन का स्टैंडऑफ हुआ था तब चीनी तंबू के नीचे कैसे गांधी परिवार का कुनबा पकड़ा गया था, यह सबने देखा था। संबित पात्रा ने इसके साथ केंद्र सरकार के इस फैसले के लिए उनका धन्यवाद भी किया।

संबिता पात्रा ने गांधी परिवार से सवाल करते हुए कहा कि आखिर चीन के बीजिंग में हुए बीजिंग ओलंपिक में पूरा का पूरा गांधी परिवार क्यों गया था। इसमें सोनिया-राहुल और प्रियंका गांधी के अलावा रॉबर्ट वाड्रा भी शामिल थे। सोनिया जी की मौजूदगी में राहुल गांधी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच एक करार हुआ था। इसके बाद से ही राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन की सरकार से चंदा मिलना शुरू हो गया था। इस संस्था से 50 लाख से ज्यादा रकम ली गई थी। पात्रा ने कहा कि भला हो यह खुलासा सबके सामने आया और कांग्रेस का राज जनता के सामने आ सका।

जाकिर नाइक की संस्था से भी लिए पैसे

गांधी परिवार पर हमलावर संबित पात्रा यहीं नहीं रूके। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए एक और बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि गांधी परिवार ने राजीव गांधी फाउंडेशन के नाम पर जाकिर नाइक की संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन से चंदे के रूप में मोटी रकम ली थी। इस संस्था से 50 लाख से ज्यादा रकम ली गई थी।