भारत में रूस के नए राजदूत के रूप में मनोनीत किए गए डेनिस अलीपोव ने कहा है कि यूक्रेन की स्थिति पर भारत का निष्पक्ष रुख़ स्थिति के आकलन के आधार पर है. उन्होंने कहा कि ये ऐसा इसलिए नहीं है कि वो रूस के हथियारों पर निर्भर है.
उन्होंने कहा, हम भारत के रणनीतिक सहयोगी हैं. संयुक्त राष्ट्र में भारत ने जो संतुलित रुख़ अपनाया, उसके लिए हम भारत के आभारी हैं. भारत इस संकट की गहराई को समझता है.
डेनिस अलीपोव ने कहा, हम खारकीएव और पूर्वी यूक्रेन के अन्य इलाक़ों में फँसे भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए भारतीय अधिकारियों के संपर्क में हैं. भारत ने रूस के इलाक़ों से होकर भारतीयों को निकालने का अनुरोध किया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसा जल्द ही होगा. डेनिस अलीपोव ने कहा कि यूक्रेन के संघर्ष वाले इलाक़े में फँसे भारतीयों के लिए कॉरिडोर बनाने और सुरक्षित निकासी के लिए गंभीरता से काम किया जा रहा है.
मंगलवार को एक भारतीय छात्र की यूक्रेन का खारकीएव में मौत हो गई थी. विदेश मंत्रालय का कहना था कि कर्नाटक के रहने वाले नवीन की मौत गोलाबारी में हुई है. भारत सरकार यूक्रेन के पड़ोसी देशों के माध्यम से बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों को निकाल चुकी है. इसके लिए अब वायु सेना की भी मदद ली जा रही है. लेकिन माना जा रहा है कि अब भी बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक यूक्रेन में फँसे हुए हैं. पिछले दिनों भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी बात की थी. उस दौरान उन्होंने भारतीयों की सुरक्षित निकासी का मुद्दा उठाया था.
-एजेंसियां
- आगरा नगर निगम के खिलाफ भाजपा पार्षद का नाला-केक प्रदर्शन, अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर कसा तंज - June 27, 2026
- भगवान के ऑडिट से नहीं बच पाएगा भाजपाई-गिरोह… राम मंदिर विवाद पर अखिलेश यादव का तीखा कटाक्ष - June 27, 2026
- पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल बोले- चंपत राय के पास ऐसी कौन-सी जानकारी है, जिसके सामने प्रधानमंत्री मोदी भी बेबस नज़र आ रहे हैं? - June 27, 2026