यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस पर आरोप लगाया है कि वह गैस और व्यापार का इस्तेमाल हथियार के तौर पर कर रहा है.
ज़ेलेंस्की का आरोप है कि यूक्रेन के ख़िलाफ़ युद्ध में रूस, गैस की आपूर्ति को रोककर इसका इस्तेमाल दबाव बनान के लिए कर रहा है.
यूक्रेन के राष्ट्रपति का बयान ऐसे समय में आया है जबकि रूस ने बुधवार को पोलैंड और बुल्गारिया की गैस-सप्लाई रोक दी. रूस की ओर से दावा किया गया है कि उसने यह क़दम इसलिए उठाया क्योंकि दोनों देशों ने रूबल में भुगतान करने से मना कर दिया था. रूस के इस क़दम की काफी आलोचना हो रही है.
यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला वोन डर लेन ने कहा है कि यूरोप के कुछ देशों को गैस की सप्लाई रोकने का रूस का फ़ैसला ब्लैकमेल का एक हथियार है. उन्होंने कहा कि रूस का ये फ़ैसला अनुचित और अस्वीकार्य है. उन्होंने कहा कि ये गैस सप्लाई करने वाले देश के रूप में रूस की अविश्वसनीयता को दिखाता है.
रूस की ऊर्जा कंपनी गैज़प्रॉम ने कहा है कि रूबल में भुगतान करने से इंकार के कारण वो पोलैंड और बुल्गारिया को गैस की सप्लाई बंद कर रहा है.
दूसरी ओर पोलैंड की गैस सप्लाई करने वाली कंपनी PGNiG का कहना है कि गैज़प्रॉम ने गैस सप्लाई रोककर अनुबंध का उल्लंघन किया है. कंपनी का कहना है कि वो क़ानूनी तरीक़े से मुआवज़ा हासिल करने की कोशिश करेगी.
ब्रिटेन ने भी रूस के इस क़दम पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. ब्रिटेन के उप-प्रधानमंत्री डोमिनिक रॉब ने कहा है कि गैस सप्लाई रोकने वाले फ़ैसले से रूस अपने आप को और अलग-थलग कर रहा है.
स्काई न्यूज़ से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि रूस पर इसका उल्टा असर पड़ेगा.
-एजेंसियां
- मुंबई को मिली ‘सोलर इन फुल ब्लूम’ की सौगात: जुहू में अवादा ग्रुप की अनोखी कलाकृति का अनावरण - June 27, 2026
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर छलका धीरेंद्र शास्त्री का दर्द, बोले- “रावण ने सीता जी को चुराया था, इन्होंने तो करोड़ों का भरोसा लूटा” - June 27, 2026
- अयोध्या चढ़ावा मामला: इस्तीफा प्रकरण के बीच ट्रस्ट ने कहा- चंपत राय और अनिल मिश्रा के त्यागपत्र पर न्यास करेगा विचार, अफवाहों से बचने की अपील - June 27, 2026