आगरा: फतेहपुर सीकरी संसदीय क्षेत्र के निवासियों के लिए विकास की एक बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। सांसद राजकुमार चाहर के निरंतर प्रयासों के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने विधानसभा फतेहपुर सीकरी के अंतर्गत 77 किलोमीटर लंबे 10 महत्वपूर्ण मार्गों के मरम्मत और नवीनीकरण के लिए 15.59 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की है। इस फैसले से किरावली, अछनेरा और राजस्थान सीमा से सटे दर्जनों गांवों की सूरत बदलने वाली है।
सांसद ने CM योगी को लिखा था पत्र, मिली तत्काल मंजूरी
क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या को देखते हुए सांसद राजकुमार चाहर ने व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जनहित में इन सड़कों के सुधार की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल संज्ञान लिया, जिसके बाद PWD ने बजट को हरी झंडी दे दी। सांसद चाहर ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये सड़कें क्षेत्र की ‘लाइफलाइन’ साबित होंगी।
किरावली से राजस्थान बॉर्डर तक चमकेगी सड़कें
इस योजना का लाभ केवल मुख्य कस्बों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका दायरा ग्रामीण अंचलों और अंतरराज्यीय सीमाओं तक फैला है।
स्वीकृत किए गए 10 प्रमुख मार्गों में शामिल हैं आगरा-किरावली शहरी भाग मार्ग और अछनेरा-झुंडावाई मार्ग। NH-11 से गोबरा होते हुए राजस्थान सीमा तक जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग। अछनेरा-फरह मार्ग (बबरोद से हँसेला राजस्थान सीमा तक)। अछनेरा-भरतपुर मार्ग से मांगरोल जाट होते हुए भडीरी तक मार्ग। फतेहपुर सीकरी से कागारौल मार्ग और एनएच-11 से सिकंदर बसैरी मार्ग। अछनेरा-भरतपुर मार्ग से तुरकिया, इमलाबाद और सहनपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग।
किसान, व्यापारी और छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत
इन सड़कों के सुधरने से क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। किसानों को अपनी फसल मंडी तक ले जाने में आसानी होगी, तो वहीं स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों का सफर सुरक्षित और सुगम होगा। राजस्थान सीमा से सटे मार्गों के नवीनीकरण से व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन (खासकर फतेहपुर सीकरी आने वाले पर्यटकों) को भी बड़ा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़कों की मरम्मत से क्षेत्र में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में भी भारी कमी आएगी।
जनता में खुशी की लहर
15.59 करोड़ रुपये की इस बड़ी स्वीकृति के बाद फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आम जनता में उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से जर्जर पड़े इन मार्गों के जीर्णोद्धार से क्षेत्र के विकास को नए पंख लगेंगे। अब सभी की निगाहें लोक निर्माण विभाग पर टिकी हैं कि इन सड़कों का निर्माण कार्य कितनी जल्दी और कितनी गुणवत्ता के साथ शुरू होता है।
- मुरैना में बड़ा हादसा: आग की अफवाह से मची भगदड़, ट्रेन से कूदे 4 यात्रियों की दूसरी ट्रेन की चपेट में आकर मौत - June 14, 2026
- जब अखिलेश यादव बोले- कैमरा बंद करके चढ़ावा वापस रख दीजिए, भगवान श्री राम माफ कर देंगे - June 14, 2026
- महाराणा प्रताप के शौर्य से राष्ट्रवाद का संकल्प: आगरा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर साधा निशाना, गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां - June 14, 2026