रोहित शेट्टी फायरिंग केस: आगरा और नोएडा से के 4 शूटर गिरफ्तार, ‘सिग्नल’ ऐप पर रची गई थी साजिश

REGIONAL

आगरा/नोएडा। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई फायरिंग मामले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच, हरियाणा एसटीएफ और आगरा एसटीएफ के संयुक्त ऑपरेशन में इस सनसनीखेज वारदात का ‘आगरा कनेक्शन’ सामने आया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के आगरा और नोएडा से चार मुख्य आरोपियों को दबोचा है, जो कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

आगरा के बहाबिजोली से पकड़े गए शूटर

गिरफ्तार आरोपियों में रितिक यादव (शूटर), सन्नी और सोनू शामिल हैं, जो आगरा के बहाबिजोली के निवासी हैं। वहीं चौथे आरोपी दीपक को नोएडा के सेक्टर-45 से गिरफ्तार किया गया। 31 जनवरी की रात रोहित शेट्टी के घर के बाहर 5 राउंड फायरिंग कर दहशत फैलाई गई थी। हालांकि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन जांच में यह खुलासा हुआ कि यह फायरिंग रंगदारी (extortion) वसूलने के मकसद से की गई थी।

​हाईटेक तरीके से रची गई साजिश

जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि आरोपियों ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए ‘Signal’ ऐप का इस्तेमाल किया था। साजिश को अंजाम देने के लिए एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग के जरिए निर्देश दिए जा रहे थे। इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड शुभम लोंकर बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है।

रोहित शेट्टी की सुरक्षा कड़ी, यूपी में गैंग का विस्तार?

इस गिरफ्तारी के बाद बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी की सुरक्षा बढ़ाकर उनके घर के बाहर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है। आगरा एसटीएफ अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या ताजनगरी में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कोई स्लीपर सेल या सक्रिय मॉड्यूल काम कर रहा है। इन गिरफ्तारियों ने यूपी पुलिस को अलर्ट कर दिया है कि गैंग अब उत्तर प्रदेश के युवाओं को अपने नेटवर्क में शामिल कर रहा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh