जमीन पर गिरा पड़ा घायल उत्तम

राशन डीलर के भतीजे ने युवक में मारा चाकू, हालत गंभीर

Crime REGIONAL

घायल को चिकित्सकों ने सीएचसी जगनेर से आगरा किया रेफर

Agra (Uttar Pradesh, India). जनपद के थाना जगनेर क्षेत्र के गांव सरेंधी में रविवार को राशन लेने आए युवक में घटतौली का विरोध करने पर कोटेदार के भतीजे ने चाकू मार दिया। इससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। यह देख हमलावर मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी जगनेर भेज दिया। जहां से उसे आगरा रेफर किया गया है।

ये है मामला
थाना जगनेर के गांव सरेंधी निवासी राजवीर सिंह के नाम पर सरकारी राशन की दुकान है। रविवार को राजवीर सिंह का भतीजा ​कपिल पुत्र बनवारी राशन बांट रहा था। तभी दुकान पर क्षेत्र के गांव नगला लाले निवासी उत्तम पुत्र रामवीर राशन लेने के लिए आ गया। बताया गया है कि कपिल ने उत्तम को कम राशन दे दिया। इसका उत्तम ने विरोध किया। जिसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।

राशन डीलर के भतीजे ने मारा चाकू
आरोप है कि कपिल ने चाकू से उत्तम पर प्रहार कर दिया। जिस पर चाकू उत्तम के आंख एक बिल्कुल नीचे जाकर लगा। इससे उत्तम लहुलूहान होकर वहीं गिर पड़ा। यह देख मौके पर अफरा तफरी मच गई। हमलावर ​कपिल मौके से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तम के परिजन मौके पर आ गए।

मौके पर पहुंची पुलिस
उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम पर दी। सूचना मिलते ही मौके पर थानाध्यक्ष जगनेर ईश्वर सिंह तोमर मय फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी जगनेर पर भेज दिया। जहां पर चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत खतरे में बताई जा रही है।

हरेक उपभोक्ता मिलता है कम राशन
ग्रामीणों ने बताया है कि कोटेदार राजवीर सिंह काफी दबंग है। वह हर कार्ड धारक को कम राशन देता है। उसकी दबंगई के भय के कारण कोई कुछ नहीं बोलता है। आज उत्तम सिंह ने इसका विरोध किया तो दबंग के भतीजे ने उस पर चाकू से जानलेवा ​​हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया है।

ये बोले पुलिस अधिकारी
थानाध्यक्ष जगनेर ईश्वर सिंह तोमर ने बताया है कि घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। अभी मामले में तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

ये बोले आपूर्ति निरीक्षक
आपूर्ति निरीक्षक खेरागढ़ सुरेश पटेल ने बताया है कि आज मेरी डयूटी पेपर में लगाई गई है। आज मैं क्षेत्र में नहीं हूं। एसडीएम खेरागढ़ द्वारा मामला मेरे संज्ञान में आ गया है। सोमवार को जांच करने के लिए सरेंधी जाऊंगा। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।