अनुशासित जीवन जीने का विज्ञान है योग – पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव
11वां ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ डाक विभाग द्वारा 21 जून, 2025 को उत्तर गुजरात एवं सौराष्ट्र-कच्छ परिक्षेत्र के विभिन्न मंडलों व डाकघरों में उत्साह पूर्वक मनाया गया। इसमें डाककर्मियों के साथ-साथ उनके परिजनों और सामुदायिक सहभागिता भी रही। योग दिवस-2025 की थीम ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ है। पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने डाक विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को नियमित योगाभ्यास करने और इसे अपनी नियमित जीवन शैली में जोड़ने पर जोर दिया।
पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि योग वस्तुत: अनुशासित जीवन जीने का विज्ञान है। ‘योग: कर्मसु कौशलम्’ के माध्यम से भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य और विलक्षण धरोहर को वैश्विक स्तर पर अपनाया गया है। आज के भौतिकवादी युग में योग न केवल निरोग रहने का साधन है, बल्कि मानवता के संरक्षण का प्रबल अवलंबन भी है। यह हमारे जीवन से जुड़े भौतिक, मानसिक, भावनात्मक, आत्मिक और आध्यात्मिक सभी पहलुओं पर काम करता है। इस ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ को ”एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” की थीम को समर्पित कर इसे चरितार्थ भी किया गया है।
क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा सरदार पटेल नेशनल मेमोरियल, शाहीबाग, अहमदाबाद में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में सहायक निदेशक श्री वी. एम वोहरा ने कहा कि, योग न सिर्फ हमें नकारात्मकता से दूर रखता है अपितु हमारे मनोमस्तिष्क में अच्छे विचारों का निर्माण भी करता है। सहायक निदेशक श्री रितुल गाँधी और श्री एम. एम शेख ने कहा कि, योग को अपनाकर हम सभी स्वस्थ भारत के निर्माण में सहभागी बन सकते हैं। योग प्रशिक्षक श्रीमती रिंकु आचार्य और रीमा राउलजी, अहमदाबाद जीपीओ ने इस अवसर पर योगा प्रोटोकाल के तहत विभिन्न आसनों की महत्ता बताते हुए योगाभ्यास कराया।
इस अवसर पर सहायक डाक अधीक्षक जिनेश पटेल, रौनक शाह, भाविन प्रजापति, डाक निरीक्षक योगेंद्र राठौड़, लेखाधिकारी राम स्वरुप माँगवा, रवि रावत, तारा चंद कुमावत सहित तमाम अधिकारियों-कर्मचारियों और उनके परिजनों ने योगाभ्यास कर नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।
-up18News
- आगरा में ससुरालियों की शर्मनाक करतूत: बहू के बेडरूम-किचन में लगाए CCTV कैमरे, दहेज के लिए बच्चों संग निकाला - February 20, 2026
- Agra News: एम्बुलेंस से शराब की तस्करी, हरियाणा से प्रयागराज जा रही 46 पेटी अवैध शराब जब्त, 2 तस्कर दबोचे - February 20, 2026
- Agra News: सर्राफा बाजार में 176 किलो चांदी की बड़ी धोखाधड़ी, लखनऊ के व्यापारी पर आरोप, मुकदमा दर्ज - February 20, 2026