लखनऊ। यूपी विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन नेता सदन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुपूरक बजट पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ जितना खिलवाड़ समाजवादी पार्टी ने किया है, उतना किसी और ने नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने नौ लाख सरकारी नौकरियां दी हैं और इन भर्तियों में कहीं भी भ्रष्टाचार नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार के समय उत्तर प्रदेश के लोगों के सामने पहचान का संकट था और आम नागरिक अपने जीवन को लेकर भयभीत रहता था। अब प्रदेश की पहचान पूरी तरह बदल चुकी है। आज उत्तर प्रदेश देश का ऐसा राज्य है जहां सबसे अधिक एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। इसके लिए भर्ती बोर्ड में सेवानिवृत्त डीजीपी को शामिल किया गया है, ताकि नकल माफियाओं की कमर तोड़ी जा सके।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सज्जन को सुरक्षा देना और दुर्जन को ठिकाने लगाना ही सरकार की जिम्मेदारी है। “हम भजन करने के लिए नहीं बैठे हैं। भजन के लिए मठ ही पर्याप्त है। परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम्… इसी संकल्प के साथ हम आए हैं और यही हमारी शपथ है,” उन्होंने कहा।
यूपी विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय द्वारा दिए गए सुझावों के लिए आभार जताया, हालांकि इस दौरान उन्होंने तंज भी कसा। नेता सदन ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष यही सुझाव सत्ता में रहते हुए सपा नेताओं को देते, तो समाजवादी पार्टी आज तितर-बितर न होती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है कि नेता प्रतिपक्ष ने यह स्वीकार किया है कि प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदली है और प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय पूजा पाल को न्याय नहीं मिल सका, क्योंकि उस समय सरकार में हिम्मत नहीं थी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने तय किया है कि बेटी चाहे सत्ता पक्ष की हो या विपक्ष की, उसे न्याय जरूर मिलेगा। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश की हर बेटी, हर व्यापारी और हर नागरिक को सुरक्षा मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं भी किसी को जबरन कब्जा करने की इजाजत नहीं दी जाएगी और यदि किसी ने कब्जा किया है, तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
- सच्चाई, सेवा और ईमानदारी की राह पर चलने का मिला प्रतिफल: आगरा में पंजाबी सभा के मीडिया प्रभारी सम्मानित - August 15, 2026
- विभाजन के दर्द और विस्थापित परिवारों के त्याग को याद कर भावुक हुए लोग: पंजाबी सभा आगरा महानगर की अनूठी पहल - August 15, 2026
- आगरा जिला कारागार में स्वतंत्रता दिवस पर अनूठी पहल: समाजसेवी पुष्कल गुप्ता के सहयोग से तीन सिद्धदोष बंदी हुए रिहा - August 15, 2026