पाकिस्तानी न्यूज़ चैनल ARY News के प्रमुख अम्माद युसूफ की गिरफ्तारी के बाद पूरे पाकिस्तान के पत्रकार संगठनों ने उनकी गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है और पत्रकार को तुरंत रिहा करने की मांग की है। चैनल को रेगुलेटरी अथॉरिटी ने मंगलवार को ऑफ एयर कर दिया था।
पत्रकारों के संगठनों और प्रेस क्लबों ने कहा है कि ARY News के वरिष्ठ उपाध्यक्ष की गिरफ्तारी उत्पीड़न को दर्शाता है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि अगर अम्माद युसूफ को तुरंत रिहा नहीं किया गया तो सभी पत्रकार पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करेंगे। एआरवाई न्यूज ने यह जानकारी दी है।
Pakistan Federal Union of Journalists (PFUJ) ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तानी सरकार को होश में आना चाहिए। PFUJ नेता लाला असद पठान ने कहा, ‘पत्रकार के खिलाफ सरकार की कार्रवाई बहुत ही शर्मनाक है। प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।’
PFUJ के महासचिव एएच खानजादा ने कहा है कि अगर अम्माद युसूफ को तुरंत रिहा नहीं किया गया तो देश के सभी पत्रकार पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करेंगे। कराची प्रेस क्लब के सचिव रिजवान भट्टी ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी पर लगाए जा रहे प्रतिबंध को किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लाहौर प्रेस क्लब ने भी पत्रकार की रिहाई की मांग की है।
चैनल के कई पत्रकारों पर एफआईआर दर्ज
पाकिस्तान के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी (PEMRA) ने सोमवार को चैनल के खिलाफ कारण बताओ नोटिस( show cause notice) जारी किया था। जिसके बाद बुधवार को यूसुफ को गिरफ्तार कर लिया गया। मालूम हो कि नेटवर्क के संस्थापक और सीईओ सलमान इकबाल के साथ-साथ दो अन्य एंकरों पर देशद्रोह का मामला दर्ज किया गया है। कराची के मेमन गोथ पुलिस थाना में थाना प्रभारी (SHO) की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। चैनल के मुताबिक, चैनल के प्रमुख अम्माद यूसुफ की जिस समय गिरफ्तारी हुई थी, उसके एक घंटा पहले ही एफआईआर दर्ज की गई थी।
एंकर अरशद शरीफ और खवार घुमन पर देशद्रोह और कथित रूप से साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
चैनल के प्रसारण पर रोक
चैनल ने कहा है कि पाकिस्तानी टेलीविजन स्टेशन के प्रसारण को देश के रेगुलेटरी अथॉरिटी के अधिकारियों के द्वारा रोक लगाए जाने के एक दिन बाद चैनल के वरिष्ठ अम्माद यूसुफ को बुधवार तड़के कराची से गिरफ्तार कर लिया गया।
एआरवाई न्यूज ने कहा है कि पत्रकार को कराची पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सादे कपड़े में छापेमारी के लिए गई पुलिस की टीम ने आधी रात को जबरन पत्रकार के घर में घुस गई। चैनल ने यूसुफ की गिरफ्तारी को सरकार द्वारा चैनल पर बदले की कार्रवाई बताया है।
-एजेंसी
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026