शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है: पीएम मोदी

EXCLUSIVE

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के आणंद में चुनाव प्रचार किया। इस प्रचार के दौरान उन्होंने शास्त्री मैदान में एक रैली को भी संबोधित किया। रैली में उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि पूरा देश आज विश्वास के साथ कह रहा है, ‘फिर एक बार मोदी सरकार’। उन्होंने कांग्रेस के 60 वर्षों के कार्यकाल से भाजपा के 10 वर्षों के कार्यकाल की तुलना की।

पीएम मोदी ने इस दौरान कांग्रेस के कार्यकाल को शासनकाल कहा। रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस को पाकिस्तान का मुरीद बताया है। उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है।

कांग्रेस को विभिन्न मुद्दों पर घेरा

आणंद में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस मुद्दों पर घेरा। उन्होंने कहा, “देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है। अब देश ने 10 साल भाजपा का सेवाकाल भी देखा है। वो शासनकाल था, ये सेवाकाल है। कांग्रेस के 60 साल में करीब 60 फीसदी ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। 10 साल में भाजपा सरकार ने शत-प्रतिशत टॉयलेट बना दिए। 60 साल में कांग्रेस देश में सिर्फ तीन करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल की सुविधा पहुंचा पाई, यानी कि 20 प्रतिशत से भी कम घरों में। 10 साल में ही नल से जल पहुंचने वाले घरों की संख्या आज 14 करोड़ हो गई है, यानी 75 फीसदी घरों में नल से जल पहुंचा है।”

कांग्रेस पर बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने का आरोप

पीएम मोदी ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस ने बैंकों पर कब्जा कर लिया और ये कहा कि बैंक गरीबों के लिए होने चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “बैंकों का राष्ट्रीयकरण गरीबों के नाम पर करने के बावजूद भी कांग्रेस सरकार 60 साल में करोड़ों गरीबों के बैंक खाते नहीं खोल पाई। मोदी ने 10 साल में 50 करोड़ से ज्यादा जनधन बैंक खाते खोले।”

रैली में पीएम मोदी ने कहा, “2014 में जब आपने अपने इस बेटे को गुजरात से दिल्ली भेजकर देश की सेवा करने का आदेश दिया, उस समय देश के प्रधानमंत्री बड़े विद्वान अर्थशास्त्री थे। जब उन्होंने छोड़ा था, तब देश दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था। 10 साल में इस गुजराती ने, चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को पांचवें नंबर पर पहुंचा दिया।”

रैली में पीएम मोदी ने किया वल्लभभाई पटेल का जिक्र

प्रधानमंत्री ने बताया कि कांग्रेस के कारण दशकों तक देश के संविधान के साथ भांति-भांति के खिलवाड़ हुए। सरदार वल्लभभाई पटेल का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह बहुत जल्दी चले गए, जिसके कारण देश को बहुत नुकसान हुआ है। उन्होंने आगे कहा, “मेरे मन में है कि मैं सरदार साहब के सपने भी पूरे करने की कोशिश करूं। आज मोदी देश को एक करने के सरदार साहब के सपने को पक्का कर रहा है। वहीं कांग्रेस देश को बांटने में जुटी है, कांग्रेस समाज में लड़ाई-झगड़ा कराना चाहती है।”

राहुल गांधी पर कसा तंज

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे आजकल माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि “कांग्रेस मुझे जवाब दे कि जिस संविधान को आज माथे पर रखकर नाच रहे हो, क्यों 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर ये संविधान लागू नहीं होता था। मोदी के आने से पहले इस देश में दो संविधान, दो झंडे थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने, इनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी लेकिन मोदी की मजबूत सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है। संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद है ही। पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है।” है

मोदी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा, “आज लोग पूछ रहे हैं कि आखिर कांग्रेस इतनी बौखला क्यों गई है। कांग्रेस आज फेक फैक्ट्री यानी फर्जी माल की फैक्ट्री बन गई है। मोहब्बत की दुकान बोलकर कांग्रेस झूठ का सामान क्यों बेच रही ?” उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस ने कभी एससी/एसटी की परवाह नहीं की। 90 के दशक से पहले कांग्रेस ओबीसी आरक्षण की भी पक्षधर नहीं थी। बरसों से ओबीसी समाज कहता रहा कि ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा मिले। कांग्रेस ने उनकी एक नहीं सुनी।”

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी समझा ही नहीं कि हमारे देश में आदिवासी समाज भी है। इतने साल तक कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय तक नहीं बनाया। भाजपा सरकार ने आदिवासियों के अलग मंत्रालय और अलग बजट बनाया।

फवाद हुसैन ने की राहुल गांधी की तारीफ

दरअसल, पाकिस्तान के एक पूर्व मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सोशल मीडिया पर तारीफ की है। इसी पोस्ट को लेकर भाजपा ने विपक्षी पार्टी को आड़े हाथ ले लिया है।

पूर्व पाकिस्तानी मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने बुधवार को एक्स पर राहुल गांधी के भाषण के कुछ अंश साझा किया। साथ ही उन्होंने लिखा, ‘राहुल ऑन फायर’।

अमित मालवीय और शहजाद पूनावाला ने भी साधा निशाना

इस पर भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इमरान खान की कैबिनेट में हुसैन की पिछली भूमिका की ओर इशारा करते हुए पाकिस्तान के साथ कांग्रेस के जुड़ाव पर सवाल उठाया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी कांग्रेस पर पाकिस्तान के साथ स्पष्ट गठबंधन करने का आरोप लगाया।

अमित मालवीय ने कहा, ‘इमरान खान कैबिनेट में सूचना और प्रसारण मंत्री के रूप में काम कर चुके चौधरी फवाद हुसैन राहुल गांधी को बढ़ावा दे रहे हैं। क्या कांग्रेस पाकिस्तान में चुनाव लड़ने की योजना बना रही है?’ उन्होंने कहा कि मुस्लिम लीग की छाप वाले घोषणापत्र से लेकर सीमा पार से जोरदार समर्थन तक, पाकिस्तान के साथ कांग्रेस का गठबंधन इससे अधिक स्पष्ट नहीं हो सकता।

यह रिश्ता स्पष्टः पूनावाला

शहजाद पूनावाला ने फवाद चौधरी द्वारा राहुल गांधी की प्रशंसा करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता स्पष्ट है। भाजपा नेता ने कहा, ‘इससे पहले हाफिज सईद ने कहा था कि कांग्रेस उसकी पसंदीदा पार्टी है। पीएम मोदी को हटाने के वास्ते समर्थन मांगने के लिए मणि अय्यर पाकिस्तान गए थे! हमें याद है कि हाल ही में कांग्रेस नेताओं द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए गए थे और बीके हरिप्रसाद ने खुलेआम पाक के लिए वकालत की थी। समय-समय पर कांग्रेस नेताओं ने पाकिस्तानी आतंकवादियों का भी बचाव किया। आज रिश्ता साफ है कांग्रेस का हाथ पाकिस्तान के साथ!’

पाकिस्तानी नेता ने जो वीडियो साझा किया, उसमें राहुल गांधी राम मंदिर उद्घाटन के बारे में बोल रहे थे और पूछ रहे थे कि क्या इस अवसर पर किसी गरीब व्यक्ति को आमंत्रित किया गया था।

-एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh