चीन से पाकिस्तान जा रहे एक जहाज़ को मुंबई बंदरगाह पर रोके जाने को लेकर पाकिस्तान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक़ इस जहाज़ में परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम के लिए ज़रूरी सामानों की खेप है लेकिन पाकिस्तान का कहना है इसमें कोई सच्चाई नहीं है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इन तथ्यों को ग़लत तरीके से पेश करने के ‘भारतीय मीडिया की आदत’ का उदाहरण करार दिया है.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, ”ये कराची स्थित एक कंपनी की ओर से लेथ मशीन आयात करने का साधारण सा मामला है. ये कंपनी पाकिस्तान में ऑटोमोबाइल कंपनियों को पार्ट्स की सप्लाई करती है. जो उपकरण मंगाए गए हैं उनसे साफ पता चलता है कि ये वाणिज्यिक इस्तेमाल के लिए हैं. इस बारे में जो ट्रांजेक्शन हुआ है वो पारदर्शी बैंकिंग चैनल के ज़रिये किया गया है और इससे संबंधित दस्तावेज़ भी मौजूद हैं.”
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भारत की कार्रवाई को नाजायज़ करार दिया है.
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने इस साल जनवरी में मुंबई के बंदरगाह पर चीन से पाकिस्तान जा रहे एक जहाज़ को रोक दिया था. ये जहाज पाकिस्तान के कराची बंदरगाह जा रहा था. इसमें संदिग्ध सामान होने की सूचना पर इसको रोका गया गया था.
भारत के कस्टम अधिकारियों का दावा है कि जहाज़ में पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी संदिग्ध खेप मिली, जो चीन से लाई जा रही थी.
-एजेंसी
- ताज प्रेस क्लब परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वरिष्ठ पत्रकारों का जन्मदिन: सुंदरकांड पाठ और केक काटकर दी गईं शुभकामनाएं - November 11, 2026
- मीरजापुर में 50 लाख की फिरौती के लिए 12 साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या; कुशियारा फॉल के जंगल से शव बरामद, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार - November 11, 2026
- ट्रैफिक चालान पर सख्ती: 45 दिन में भुगतान या आपत्ति जरूरी, लापरवाही बरती तो रद्द हो सकता है ड्राइविंग लाइसेंस - November 11, 2026