श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने नई सरकार के गठन को लेकर ट्विटर पर जानकारी साझा की है.
उन्होंने ट्वीट करके इस संबंध में बताया, “देश में अराजकता की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए और ठप पड़ चुके मामलों को सुलझाने के लिए नई सरकार बनाने के लिए क़दम उठाए जाएंगे.”
उन्होंने लिखा है कि इस सप्ताह के भीतर एक ऐसे प्रधानमंत्री की नियुक्ति कर दी जाएगी जिसे संसद में बहुमत हासिल हो और जो लोगों का विश्वास हासिल करने में सक्षम हों.
गोटाबाया ने ट्वीट किया, “नई सरकार को नया कार्यक्रम पेश करने का मौक़ा दिया जाएगा और उसे ये अधिकारिक दिया जाएगा कि वो अपनी नीतियों से देश को आगे ले जाए.”
“इसके अलावा संसद को और अधिक सशक्त बनाने के लिए संविधान में संशोधन का क़दम भी उठाया जाएगा. साथ ही कार्यकारी अध्यक्ष पद को समाप्त करने के सुझाव पर भी विचार किया जाएगा.”
गोटाबाया ने इस संबंध में अपने आख़िरी ट्वीट में लिखा है, “मैं विनम्रतापूर्वक लोगों के जीवन और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए आप सभी से मदद का अनुरोध करता हूँ.”
राष्ट्रपति गोटाबाया का ये ट्वीट ऐसे समय में आया है जबकि श्रीलंका गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है.
देश आर्थिक संकट से तो पहले से ही जूझ रहा था लेकिन सोमवार को देश के पीएम महिंदा राजपक्षे के इस्तीफ़े के बाद से देश राजनीतिक संकट का भी सामना कर रहा है.
आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में सरकार विरोधी प्रदर्शन हिंसक हो चुके हैं. देश भर में फैली हिंसा के दौरान हुई गोलीबारी में एक मौजूदा सांसद सहित कुल पाँच लोगों की जान जा चुकी है.
आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में प्रधानमंत्री पद से महिंदा राजपक्षे का इस्तीफ़ा कोई अचानक नहीं हुआ है. इसके कयास काफ़ी पहले से ही लगाए जा रहे थे. ऐसा माना जा रहा है कि राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने ही महिंदा राजपक्षे से इस्तीफ़ा देने को कहा था.
-एजेंसियां
- आगरा रामलीला महोत्सव: राम-रावण युद्ध देखने उमड़ा भारी जनसैलाब, दो घंटे तक चली शानदार आतिशबाजी से जगमगाया आसमान, गूंजे ‘जय श्रीराम’ के जयघोष - October 21, 2026
- आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम: वृद्धजनों और समाजसेवियों के सम्मान के साथ हुआ आगरा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन - October 21, 2026
- श्री मनःकामेश्वर रामलीला महोत्सव में राम-रावण युद्ध और रावण वध का भव्य मंचन: “अधर्म पर धर्म की विजय” के जयकारों से गूंजी रणभूमि - October 21, 2026