indra prakash solanki

आगरा और अलीगढ़ मंडल में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाने का आदेश जारी

Education/job REGIONAL

Agra, Uttar Pradesh, India. राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ एक अगस्त, 2022 को एक लाख स्थानों पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाएगा। महासंघ की प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह नरवार ने बताया कि आगरा और अलीगढ़ मंडल के आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में कार्यक्रम करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं।

 

उन्होंने बताया कि संयुक्त शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक आगरा और फिरोजाबाद ने अपने स्तर से आदेश जारी किया है। आगरा में 922 तथा फिरोजाबाद में 478 विद्यालय हैं, जिनकी सूची प्राप्त कर ली गई है।

 

इसी क्रम में डॉ. नरवार ने आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) आगरा के उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य डॉ. इन्द्रप्रकाश सिंह सोलंकी से भेंट की। डॉ. सोलंकी ने अपने अधीन 164 प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखकर 1 अगस्त को आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का निर्देश दिया है। इन संस्थानों की सूची भी डॉ. नरवार को दी है।

 

डॉ. नरवार ने बताया कि अलीगढ़ मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल और सहायक निदेशक बेसिक शिक्षा महेश चन्द्र से भी वार्ता हो चुकी है। वे भी आजादी का अमृत महोत्सव आयोजित कराने का निर्देश जारी करेंगे।

 

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के की प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह नरवार ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीन कुमार तिवारी से उनके कार्यालय में भेंट की। उन्हें एक अगस्त, 2022 को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत होने जा रहे कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी।

 

बीएसए प्रवीन कुमार तिवारी ने इस कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में देशभक्ति की भावना के बीज अंकुरित करने वाले कार्यक्रमों का तहेदिल से स्वागत करता हूँ। शीघ्र ही प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यक्रम कराने के निर्देश जारी किए जाएंगे। सभी विद्यालयों में एक अगस्त को आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

 

इससे पूर्व उत्तर प्रदेश विद्यालय प्रबंधक परिषद के प्रदेश अध्यक्ष दीपक वीर सिंह चौहान ने डॉ. देवी सिंह नरवार से उनके आवास पर भेंट की। उन्होंने आश्वासन दिया कि 600 माध्यमिक विद्यालयों में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम होगा। विद्यालयों की सूची जल्दी सौंपेंगे।

 

 

Dr. Bhanu Pratap Singh