राजस्थान के जोधपुर के जालोरी गेट इलाके में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प के बाद प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं. ये विवाद सोमवार रात तब शुरू हुआ जब जालोरी गेट स्थित एक स्वतंत्रता सेनानी की मूर्ति के पास लगे झंडे को दूसरे समुदाय ने हटा कर अपने झंडे और लाउडस्पीकर लगा दिए.
इसके बाद आज मंगलवार को ईद की नमाज़ के बाद एक बार फिर झंडे को लेकर विवाद शुरू हुआ जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ जोधपुर के पुलिस आयुक्त नवज्योति गोगोई ने कहा, “स्थिति नियंत्रण में है, फ्लैग मार्च निकाला जाएगा, क़ानून के तहत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें आई हैं. हम घटना जांच कर रहे हैं.”
घटना स्थल पर मौजूद एक पत्रकार ने नाम ना ज़ाहिर करने की शर्त पर बताया है कि, “झंडा लगाने का विवाद मंगलवार सुबह फिर गहराया तो ज़िला प्रशासन ने एक समुदाय के लगाए झंडे को हटा कर वहां तिरंगा झंडा लगा दिया है.”
घटना स्थल पर इस समय भारी पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं. चप्पे-चप्पे पर पुलिस और बैरिकेडिंग की गई है.
जालोरी गेट के आसपास के इलाक़े को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
बीती रात हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस छोड़नी पड़ी और लाठीचार्ज करना पड़ा था.
एक एसएचओ, डीसीपी और एक पत्रकार इस दौरान घायल हो गए जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
इस झड़प के बाद मंगलवार की सुबह पुलिस की सुरक्षा में ईद की नमाज़ पढ़ी गई. इलाक़े में बड़ी तादाद में पुलिस बल मौक़े पर मौजूद हैं.
इस घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर घटना दो दुर्भगायपूर्ण बताया और शांति बनाए रखने की अपील की है.
-एजेंसियां
- गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव और मछली पकड़ने के वायरल वीडियो पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव का तंज, बोले- ‘भाजपाई अभी मच्छी मार रहे हैं, चुनाव बाद मक्खी मारेंगे’ - September 28, 2026
- आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार खेत में पलटने से युवती की मौत और दो युवक घायल - September 28, 2026
- श्री रामलीला कमेटी आगरा ने घोषित की 2026 की कार्यकारिणी: प्रवीण स्वरूप बंसल को राम बारात और राहुल शर्मा को मिली श्रृंगार की जिम्मेदारी - September 28, 2026