आगरा। फतेहपुरसीकरी लोकसभा क्षेत्र के विधानसभा बाह के जरार में चुनावी जनसभा को संबोधित करने आए देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह अपनी पुरानी लय में दिखे। कई मुद्दों पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया।
जरार में बुधवार शाम जैसे ही रक्षामंत्री का आगमन हुआ, काफी देर से इंतजार में बैठे हजारों ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा प्रांगण गूंज उठा। माहौल को भांपते हुए राजनाथ सिंह ने मंच से कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कांग्रेस के समय को घोटालों का समय बताया, तो वहीं भविष्य में कांग्रेस को डायनासोर की तरह ही विलुप्त होना बताया।
उन्होंने कहा कि अगली बार से भाजपा इस तरह के संशोधन करेगी, जिससे देश में हर 5 सालों में होने वाले लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ हो सकें। यही नहीं उन्होंने कांग्रेस के विरासत कानून लाने को लेकर भी जमकर कटाक्ष किया, तो वहीं कांग्रेस के शासनकाल को भ्रष्टाचार का काल बताते हुए बीजेपी के किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार के एक भी आरोप नहीं होना बताया।
उन्होंने मध्यप्रदेश के सूरत और इंदौर में निर्विरोध और नाम वापसी की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह तो करिश्मा हो गया। कांग्रेस के प्रत्याशी भाजपा ज्वाइन कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि इससे पहले भी 20 बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। लेकिन तब लोकतंत्र खतरे में नहीं आया, लेकिन भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध चुन लिया गए तो कांग्रेस कहती है कि लोकतंत्र खतरे में है। रक्षा मंत्री ने कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताते हुए कहा कि अब उसे दुनिया की कोई ताकत डूबने से बचा नहीं सकती। उन्होंने महात्मा गांधी जी का जिक्र करते हुए कहा कि बापू ने कहा था कि कांग्रेस को अब भंग कर देना चाहिए, लेकिन कांग्रेस में उनकी बात नहीं मानी गयी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नेहरू गांधी, राजीव गांधी, मनमोहन सिंह सभी ने गरीबी मिटाने के वादे किए। लेकिन कोई भी गरीबी नहीं मिटा पाया, जबकि नरेंद्र मोदी ने गरीबी को चुनौती समझते हुए काम किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया की कई आर्थिक संस्थाएं बताती हैं कि पिछले 7 साल में भारत मे 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। अब कोई भी महंगाई पर फिल्म बनाने की हिम्मत नहीं करता। क्योंकि महंगाई नियंत्रण में है। उन्होंने रोटी कपड़ा और मकान और पीपली लाइव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के राज में महंगाई अनियंत्रित थी, इसी कारण फिल्में बनी थी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 2014 में दुनिया में भारत की अर्थव्यस्था की स्थिति 11वें स्थान पर थी, लेकिन 7 वर्षों में ही भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवें नंबर पर आ गई है। उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी-बड़ी संस्थाएं कह रही है कि भारत की अर्थव्यवस्था सबसे तेज अर्थव्यवस्था है, और 2027 तक हम दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनेंगे। उन्होंने राजीव गांधी के एक रुपये भेजने वाली बात को समझाते हुए कहा कि वह कहते थे कि देश में आम लोगों के लिए 100 रुपये भेजो तो उन्हें 14 रुपये ही मिल पाते हैं। जबकि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार की चुनौती को स्वीकार किया है। आज देश के किसी भी केंद्रीय मंत्री पर भ्रष्टाचार के एक भी आरोप नहीं हैं। पीएम मोदी ने जनधन, मोबाइल और आधार को एक दूसरे से अटैच करते हुए भ्रष्टाचार को समाप्त करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भाषण देने से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होता, बल्कि सिस्टम में बदलाव लाकर ही किया जा सकता है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर को जुझारू छवि का बताते हुए कहा कि सांसद बनने से पहले भी इन्होंने किसान पुत्र होने का फर्ज बखूबी निभाया था। किसान के घर में जन्म लेकर इन्होंने किसानों की पीड़ा को नजदीकी से देखा, फिर किसानों के उत्थान के लिए हो कार्य किया। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्रवासियों का सौभाग्य है कि उनका चुना जनप्रतिनिधि पूरे देश में किसानों के हित के लिए कार्य कर रहा है। भाजपा के लिए सदैव राष्ट्र प्रथम रहा है, राजकुमार चाहर ने भी उसी भावना पर कार्य किया है। घर का सदस्य होने के नाते जनता की राजकुमार चाहर से कुछ शिकायतें हो सकती हैं, लेकिन उन्हें भूलकर फिर से नवीन अध्याय लिखने के लिए सभी को जुटना होगा।
‘बड़ी होगी जीत तो दिल्ली में भी गूंजेगी आवाज’
राजनाथ सिंह ने सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर की पिछली पांच लाख की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी धमक लखनऊ से लेकर दिल्ली में अभी तक बरकरार है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा ऐतिहासिक है। बुलंद दरवाजे की प्राचीर पूरी दुनिया में मशहूर है। राजकुमार चाहर की जीत आठ लाख पार होगी तो इसकी गूंज दिल्ली से लेकर दुनिया में गूंजेगी। क्षेत्र में पर्यटन के साथ ही रोजगार और उद्योग धंधे भी स्थापित होंगे।
जनसभा में हजारों की संख्या में मौजूद जनसैलाब का समर्थन देने हेतु आभार व्यक्त करते हुए सांसद प्रत्याशी राजकुमार चाहर ने कहा कि पांच साल के कार्यकाल में सांसद के साथ ही भाजपा के किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की दोहरी जिम्मेदारी का निर्वहन करने के कारण क्षेत्र को कम समय दे पाया, इसके बावजूद क्षेत्र को विकास भरपूर दिलाया। गंगाजल के साथ आलू प्रोसेसिंग यूनिट, राजकीय कन्या विद्यालय, मिनी स्टेडियम, आईटीआई कॉलेज एवं अटल आवासीय विद्यालय स्थापित कराए। क्षेत्र में कम रहने के बावजूद विकास कार्यों की श्रृंखला को रुकने नहीं दिया। आगामी कार्यकाल में कोशिश रहेगी कि पूरा समय अपने क्षेत्र को ही मिले। जितना विकास वर्तमान कार्यकाल में हुआ है, उससे अधिक आगामी कार्यकाल में होगा। बाबा बतेश्वरनाथ की धरा से हमारा संकल्प है कि फतेहपुर सीकरी लोकसभा पूरे देश में सबसे विकसित लोकसभा की अग्रिम पंक्ति में शामिल होगी। सुदृढ़ परिवहन व्यवस्था के साथ समस्त हाइवे को उच्चीकृत कराया जाएगा।
जनसभा में पूर्व वायुसेना अध्यक्ष आरकेएस भदौरिया, लोकसभा प्रभारी कन्हैया लाल गुप्ता, लोकसभा संयोजक हेमेंद्र शर्मा, क्षेत्रीय महामंत्री नागेंद्र सिकरवार, जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह, विधायक छोटेलाल वर्मा, भगवान सिंह कुशावाह, पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह, चौधरी उदयभान सिंह, रामसकल गुर्जर, पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय, पूर्व विधायक महेश गोयल, डॉ राजेंद्र सिंह, जितेंद्र वर्मा, मधुसूदन शर्मा, कालीचरण सुमन, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन प्रदीप भाटी, श्याम भदौरिया ,प्रशांत पोनिया, रालोद जिलाध्यक्ष महेश जाटव, गंगाधर कुशवाह, संजय चौहान, उमेश सेंथिया, सुग्रीव चौहान, नितिन वर्मा, लाल सिंह लोधी, उपेंद्र सिंह, राजू लवानिया, शिवकुमार प्रमुख, शैलू जादौन, मानवेन्द्र सिंह, विपुल त्यागी आदि मौजूद रहे।
- यूपी के अलीगढ़ में युवक ने की ममेरी बहन से किया निकाह, पहली बीबी को तीन तलाक़ देकर घर से निकाला, केस दर्ज - April 24, 2025
- See the World Clearly with Laser Refractive Surgery – A Guide to Life Beyond Glasses - April 24, 2025
- Vedanta to Train 80 More Budding Archers in Odisha’s Kalahandi, Olympian Rahul Banerjee to Mentor - April 24, 2025