नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार, 15 दिसंबर 2025 को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नितिन नबीन को गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं। वहीं जेपी नड्डा ने उन्हें गुलदस्ता देने के साथ पार्टी का पट्टा पहनाकर सम्मानित किया। पदभार ग्रहण समारोह में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी।
कार्यभार संभालने से पहले नितिन नबीन ने भाजपा मुख्यालय परिसर में स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
इससे पहले दिल्ली आगमन पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।
दिल्ली रवाना होने से पूर्व नितिन नबीन ने बिहार की राजधानी पटना स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने पूजा के दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए एक श्लोक भी पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने श्रीरामदूत हनुमान के चरणों में श्रद्धा व्यक्त की।
पदभार ग्रहण के साथ ही भाजपा संगठन में नई जिम्मेदारी संभालने पर नितिन नबीन से पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
- चक्रवात ‘अर्नब’ का कहर: यूपी के 65 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जगह स्कूल बंद, सीएम योगी ने दिए 24 घंटे में मुआवजे के निर्देश - September 25, 2026
- “चले देश में देशज भाषा”: यूपी के डॉक्टरों से डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की अपील, पर्चे पर हिंदी या देवनागरी लिपि में लिखें दवाओं के नाम - September 25, 2026
- लखनऊ में सीएम योगी ने किया पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मोत्सव मेला के पोस्टर और आमंत्रण पत्र का विमोचन, 7 से 10 अक्टूबर तक मथुरा में रहेगा स्वदेशी और संस्कृति का महाकुंभ - September 25, 2026