आजमगढ़ से सांसद और भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ के बड़े भाई विजय लाल यादव की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। विजय लाल यादव अपने साथियों के साथ लखनऊ से आजमगढ़ जा रहे थे। इस क्रम में बाराबंकी के पास उनकी फॉर्च्यूनर कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। डिवाइडर भी टूट गया। पिछले दिनों हुए लोकसभा उप चुनाव में आजमगढ़ से दिनेश लाल यादव निरहुआ भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज करने में सफल हुए हैं। सांसद बनने के बाद उनके परिवार में यह गंभीर मामला सामने आया है।
मिल रही जानकारी के अनुसार फॉर्च्यूनर कार काफी तेज गति में जा रही थी। इसी बीच ड्राइवर कार पर अपना संतुलन खो बैठा। तेज रफ्तार से जा रही कार डिवाइडर से टकराई और हवा में करीब 20 मीटर तक ऊपर उछल गई। दुर्घटना के बाद गाड़ी के चारों चक्के ऊपर की तरफ हो गए थे। विजय लाल यादव की दुर्घटना की जानकारी के बाद उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनके समर्थक ने फोन उठाया। उनके हॉस्पिटल में ले जाए जाने की जानकारी दी।
मंत्री रहे हैं विजय लाल यादव
विजय लाल यादव समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वे समाजवादी पार्टी के सदस्य के रूप में इस बार आजमगढ़ लोकसभा उप चुनाव के दौरान प्रचार करते नजर आए थे। उन्होंने अपने भाई दिनेश लाल यादव निरहुआ की जगह सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव का समर्थन किया था। हालांकि, चुनाव में भाजपा उम्मीदवार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने धर्मेंद्र यादव को मात दे दी।
आजमगढ़ से नवनिर्वाचित सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने ट्वीट कर बड़े भाई के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी है। ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि बड़े भैया विजय लाल यादव की कार लखनऊ जाने के क्रम में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमारे प्रतिनिधि ने भैया से बात कराया। उन्हें वेदांता हॉस्पिटल ले जाया जा रहा है। प्रवेश लाल और कवि जी वहां पहुंच रहे हैं। हम लोग भी जल्द भैया के पास पहुंच जाएंगे। बाबा विश्वनाथ स्वास्थ्य लाभ दें।
-एजेंसियां
- आगरा में गूँजा हिंदी का गौरव: “हिंदी की बिंदी भी बोलती है”, दैनिक जीवन में हिंदी का प्रयोग ही सच्ची देशभक्ति - January 12, 2026
- Agra News: डीवीवीएनएल में 30 करोड़ का ‘टेंडर कांड’,बिना पोर्टल के ही बांट दिए ठेके, अधीक्षण अभियंता निलंबित, 19 पर केस दर्ज - January 12, 2026
- वेस्ट यूपी में ‘कोहरे का टॉर्चर’: दृश्यता शून्य होने से थमी हाईवे की रफ्तार, शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन - January 12, 2026