लखनऊः प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Governor Anandiben Patel) ने नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) के 5 जून, 2023 को घोषित परिणामों में उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन पर बधाई दी है। राज्य के 06 विश्वविद्यालयों ने इस बार विभिन्न श्रेणियों में रैंकिंग प्राप्त करते हुए प्रगति की। इनमें संजयगांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस लखनऊ, केजीएमयू लखनऊ चंद्रशेखर आजाद यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एण्ड टेक्नोलॉजी कानपुर, आयार्य नरेन्द्र देव यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एण्ड टेक्नोलॉजी कुमारगंज अयोध्या, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी तथा लखनऊ विश्वविद्यालय लखनऊ का नाम शामिल है। ये भी गौरतलब है कि कृषि शिक्षा के दोनों विश्वविद्यालयों द्वारा पहली बार 2023 में इस रैंक के लिए आवेदन किया गया।
पटेल द्वारा राज्य विश्वविद्यालयों में शिक्षण और व्यवस्था के साथ उनके स्तर में सुधार हेतु एक बड़े अभियान के साथ कार्य किया जा रहा है, जिसके क्रम में विश्वविद्यालयोें की नैक, एनआईआरएफ तथा अंतर्राष्ट्रीय रैंकिंग हेतु सुधार के लिए राजभवन में निरंतर समीक्षा बैठकें और दिशा-निर्देश प्रदान करने का क्रम जारी है। विश्वविद्यालय अपने स्तर में गुणवत्तापूर्ण सुधार कर सकें, उसके लिए राज्यपाल जी द्वारा समीक्षा बैठकों के अतिरिक्त ‘नैक मंथन’ कार्यशाला ‘उपक्रम’ (उत्तर प्रदेशकैडर फॅार रैंकिंग एक्रीडेशन मेंटरशिप) की स्थापना की गई। राज्यपाल जी की इस अभिनव पहल के परिणाम स्वरूप आज राज्य के तीन विश्वविद्यालय नैक का सर्वोच्च ग्रेड ‘ए-प्लस प्लस’ प्राप्त कर चुके हैं। इसके साथ ‘ए प्लस प्लस‘ ग्रेड हासिल करने का क्रम भी जारी है।
इस बार एनआईआरएफ में संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, लखनऊ ने मेडिकल श्रेणी में 69.62 के स्कोर के साथ 7वां स्थान हासिल किया है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ ने मेडिकल, यूनिवर्सिटी तथा ओवरऑल तीनों श्रेणियों में स्थान हासिल किया है।
इसने मेडिकल श्रेणी में 63.93 के स्कोर के साथ 12वीं रैंक, विश्वविद्यालय श्रेणी में 50.63 के स्कोर के साथ 45वीं रैंक और ओवरऑल रैंक में 48.52 के स्कोर के साथ 77वीं रैंक हासिल की। यह उल्लेख करना महत्वपूर्ण है कि इसके तीनों श्रेणी के स्कोर में पिछले वर्ष की तुलना में सुधार हुआ है। पिछले वर्ष मेडिकल श्रेणी में 61.18 के स्कोर के साथ 11वीं रैंक, विश्वविद्यालय श्रेणी में 48.51 स्कोर के साथ 50वीं रैंक और ओवरऑल श्रेणी में 47.00 स्कोर के साथ 75वीं रैंक हासिल की थी। एसजीपीजीआई और केजीएमयू दोनों के प्राप्त अंकों में पिछले वर्ष की तुलना में सुधार हुआ है।
चंद्र शेखर आजाद यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, कानपुर ने 43.87 के स्कोर के साथ 30वीं रैंक हासिल की है और आचार्य नरेंद्र देव यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी, कुमारगंज, अयोध्या ने कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में 43.13 के स्कोर के साथ 35वीं रैंक हासिल की है। एनआईआरएफ 2023 में पहली बार इन दोनों कृषि विश्वविद्यालयों ने आवेदन किया। फार्मेसी श्रेणी में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी ने सूची में 41.71 के स्कोर के साथ 83वीं रैंक हासिल की है। पिछले वर्ष इसी श्रेणी में 41.59 स्कोर के साथ 73वीं रैंक प्राप्त की थी । पिछले वर्षों की एनआईआरएफ रैंकिंग की तुलना में एनआईआरएफ 2023 रैंकिंग में लखनऊ विश्वविद्यालय की रैंक में भी काफी सुधार हुआ है। लखनऊ विश्वविद्यालय की इस वर्ष 115वीं रैंक प्राप्त की जो पिछले वर्ष की 195वीं रैंक से 80 पायदान ऊपर है।
सभी राज्य विश्वविद्यालयों और दो राज्य कृषि विश्वविद्यालयों को पहली बार एनआईआरएफ में जगह मिली है और विभिन्न मेट्रिक्स और गुणवत्ता मानकों में समग्र सुधार हुआ है। मेडिकल श्रेणी में देश के केवल 50 प्रतिष्ठित संस्थानों ने स्थान प्राप्त किया है। एसजीपीजीआई तथा केजीएमयू दोनों एम्स दिल्ली के अतिरिक्त सभी एम्स से ऊपर हैं।
- आगरा में ‘बड़ा आदमी बनकर लौटेंगे’ पत्र लिखकर घर से भागे थे तीन बच्चे; पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल किया बरामद - October 19, 2026
- Agra News: कारोबार में निवेश का झांसा देकर हड़पे लाखों रुपये, रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़िता के साथ की अभद्रता और दी धमकी, शिकायत दर्ज - October 19, 2026
- 2027 के रण में उतरी बसपा; आगरा की एत्मादपुर सीट पर 22 नवंबर को होगी आकाश आनंद की बड़ी जनसभा, युवाओं पर खास फोकस - October 19, 2026