आगरा: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगरा आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने खेरिया एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, रानी पक्षालिका सिंह, छोटेलाल वर्मा, चौधरी बाबूलाल, भगवान सिंह कुशवाह, डॉ. धर्मपाल सिंह, एमएलसी विजय शिवहरे, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रदीप भाटी, जिलाधिकारी मनीष बंसल और सीडीओ प्रतिभा सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन उपस्थित रहे।
एनयूजे (इंडिया) राष्ट्रीय सम्मेलन में मीडिया की भूमिका पर जोर
एयरपोर्ट के बाद, उपमुख्यमंत्री डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जे.पी. सभागार पहुंचे, जहां उन्होंने ‘नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया)’ के राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के आरंभ में उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। मंच पर पहुंचते ही एनयूजे के प्रदेश उपाध्यक्ष अजेंद्र चौहान व जिला अध्यक्ष के.पी. सिंह ने उपमुख्यमंत्री का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में मौर्य ने 1972 से संचालित एनयूजे (इंडिया) की 55 वर्षों की गौरवगाथा को नमन किया। उन्होंने कहा, “पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकार समाज और सरकार के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। यदि सरकार कहीं कमी करती है तो उसे उजागर करना पत्रकार का अधिकार है और यदि कोई अच्छा कार्य होता है तो उसे जनता तक पहुँचाना उनका दायित्व है।” उन्होंने आपातकाल के दौर में पत्रकारों के संघर्ष को याद करते हुए निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता का आह्वान किया।
‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ और विकसित भारत का संकल्प
उपमुख्यमंत्री ने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की अवधारणा का समर्थन करते हुए कहा कि यह राष्ट्रहित का निर्णय है, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि बचत की भारतीय परंपरा ही हमें ऊर्जा संकट से उबार सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश रक्षा, ऊर्जा और परमाणु अनुसंधान के क्षेत्र में वैश्विक पटल पर नई इबारत लिख रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों को 150 करोड़ जनता का गौरव बताया।
सर्किट हाउस में समीक्षा और कड़े निर्देश
सम्मेलन के पश्चात उपमुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि थानों, तहसीलों और ब्लॉक स्तर पर आने वाली जन शिकायतों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
उन्होंने भ्रष्टाचार पर कड़े तेवर अपनाते हुए कहा कि सरकारी राशन की कालाबाजारी या आवास आवंटन में भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मौर्य ने बाहरी घुसपैठियों द्वारा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सुविधाओं का लाभ लेने की घटनाओं पर उनके विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब को उसका हक दिलाना है।
बैठक में पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, डीसी मनरेगा रामायण सिंह यादव, डीसी एनआरएलएम राजन राय, पीडी डीआरडीए रेनू कुमारी और जिला विकास अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
- आगरा में चल रहे पंचम गणेश महोत्सव का 11वां दिन: रानी रंग की पोशाक और स्वर्ण मुकुट से सजे भगवान श्री वरद वल्लभा महागणपति - September 24, 2026
- डायरिया के प्रति जागरूकता की अलख जगाएंगे दवा विक्रेता: आगरा में ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत कार्यशाला में लिया गया बड़ा संकल्प - September 24, 2026
- फिरोजाबाद के जसराना में रिहायशी इलाके के पास दिखा 7 फुट लंबा मगरमच्छ: वाइल्डलाइफ एसओएस और वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू - September 24, 2026