NCERT ने 11वीं, 12वीं क्लास की किताबों में एक बार फिर किया बदलाव

Education/job

नई द‍िल्ली। NCERT ने 11वीं, 12वीं क्लास की किताबों में एक बार फिर बदलाव किया है। इस बार किताबों से अयोध्या में बाबरी मस्जिद के विध्वंस, गुजरात दंगों में मारे गए मुसलमानों की जानकारी और मणिपुर का संदर्भ हटा दिया गया है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर पर भारत के रुख को स्पष्ट किया गया है।

NCERT का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ के फैसले के चलते अयोध्या मुद्दे पर चैप्‍टर को पूरी तरह से संशोधित किया गया है।

NCERT द्वारा किए गए ये बदलाव अभी ऑनलाइन किताबों में रिफलेक्‍ट नहीं हुए हैं, मगर सूत्रों का कहना है कि किताबों को भी जल्द ही अपडेट किया जाएगा। NCERT का स्लेबस CBSE और ICSE फॉलो करता है।

11वीं की किताब से गुजरात दंगों में मारे गए लोगों का जिक्र भी हटाया

कक्षा 11 की पॉलिटिकल साइंस की किताब में डेमोक्रेटिक पॉलिटिक्स-I के चैप्‍टर 5 में से गुजरात दंगों का जिक्र हटा दिया गया है। इसके लिए NCERT ने स्पष्टीकरण दिया है कि चैप्‍टर में ऐसी घटना का जिक्र था जो 20 साल पुरानी है और इसे न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से सुलझा लिया गया है। कक्षा 11 की पॉलिटिकल साइंस की किताब ‘पॉलिटिकल थ्योरी’ के पेज 112 पर धर्मनिरपेक्षता के टॉपिक में गोधरा के बाद के दंगों में मारे गए मुसलमानों का संदर्भ हटा दिया है।

इस बदलाव पर NCERT का कहना है कि किसी भी दंगे में सभी समुदायों के लोगों को नुकसान होता है। यह सिर्फ एक समुदाय नहीं हो सकता।

अयोध्‍या विध्‍वंस का जिक्र भी हटा

कक्षा 12 की पॉलिटिकल साइंस की किताब के चैप्‍टर 8 ‘भारतीय राजनीति में हालिया विकास’ के पेज 136 पर बदलाव किए गए हैं।

पॉलिटिकल साइंस कि किताब के पेज 139 पर बाबरी मस्जिद विध्वंस का जिक्र हटाया गया।

इसके अलावा कक्षा 12वीं की किताब के पहले चैप्‍टर में पेज 18 पर मणिपुर के संदर्भ में जिक्र भी हटाया।

PoK के जिक्र में भी बदलाव हुआ

इसके अलावा चैप्‍टर 7 में पेज 119 पर भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा विवाद का जिक्र है।

NCERT ने स्पष्ट किया है कि जो बदलाव किया गया है, वह जम्मू-कश्मीर के संबंध में मौजूदा स्थिति से पूरी तरह मेल खाता है।

पिछले साल हटाए गए थे मुगलों से जुड़े चैप्‍टर

2023 में NCERT ने 12वीं कक्षा के लिए इतिहास, नागरिक शास्त्र और हिन्दी के सिलेबस में बदलाव किए थे। इतिहास की किताब से मुगल साम्राज्य से जुड़ा चैप्टर हटाया गया था और हिंदी की बुक से कुछ कविताएं और पैराग्राफ हटाने का निर्णय लिया गया था।

अपडेटेड सिलेबस के मुताबिक, थीम्स ऑफ इंडियन हिस्ट्री-पार्ट II से मुगल दरबार (16वीं और 17वीं शताब्दी) और शासकों व उनके इतिहास से संबंधित अध्यायों को हटाया गया है। नागरिक शास्त्र की किताब से ‘यूएस हेजेमनी इन वर्ल्ड पॉलिटिक्स’ और ‘द कोल्ड वॉर एरा’ जैसे चैप्टर हटाए गए हैं।

– एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh