नीले ड्रम वाली मुस्कान रस्तोगी ने दिया बेटी को जन्म, सवालों के घेरे में नवजात की पितृत्व की गुत्थी

REGIONAL

मेरठ। चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड की मुख्य आरोपी मुस्कान रस्तोगी एक बार फिर सुर्खियों में है। पति की हत्या के आरोप में जेल में बंद मुस्कान ने सोमवार 24 नवंबर 2025 की देर शाम मेरठ के लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में एक बच्ची को जन्म दिया। खास बात यह है कि 24 नवंबर सौरभ राजपूत का जन्मदिन भी है, जिससे यह घटना और चर्चा में आ गई है।

सीनियर जेल सुपरिटेंडेंट डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि रविवार देर रात करीब 11:30 बजे मुस्कान को तेज लेबर पेन होने पर मेडिकल कॉलेज लाया गया। उसकी डिलीवरी नॉर्मल रही और बच्ची का वजन 2.4 किलोग्राम है। डॉक्टरों के अनुसार मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।

जेल प्रशासन ने मुस्कान के परिजनों को सूचना दे दी, लेकिन परिवार से कोई भी अस्पताल नहीं पहुंचा। बच्ची करीब सवा आठ महीने में पैदा हुई है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि नवजात सौरभ की संतान है या फिर साहिल की—जिसके साथ मिलकर मुस्कान पर हत्या का आरोप है।

कैसे हुआ था सनसनीखेज हत्याकांड?

4 मार्च की रात मेरठ के इंदिरानगर में सौरभ की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने पहले उसे नशीला पदार्थ दिया और फिर चाकुओं से वार कर मार डाला।

इसके बाद दोनों ने शव को टुकड़ों में काटकर नीले ड्रम में सीमेंट से भरकर छिपा दिया और हिमाचल प्रदेश फरार हो गए। बाद में मुस्कान ने ही अपने परिवार को इस भयावह वारदात की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना मिली।

जांच के दौरान घर से ड्रम की बरामदगी ने पूरे यूपी में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय मुस्कान डेढ़ महीने की गर्भवती थी, जिसे उसने पहले छिपाने की कोशिश की।

परिवार की प्रतिक्रिया

सौरभ के बड़े भाई राहुल राजपूत पहले ही कह चुके हैं कि यदि डीएनए टेस्ट में साबित हुआ कि बच्ची सौरभ की है, तो परिवार उसे पूरी जिम्मेदारी से अपनाएगा। मुस्कान की तीन साल की बेटी पीहू पहले से ही सौरभ के माता-पिता के पास रह रही है।

जेल प्रशासन के अनुसार मां और बच्ची फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन नवजात की पितृत्व की गुत्थी इस केस को एक नई दिशा दे सकती है।

-एजेंसी

Dr. Bhanu Pratap Singh