लॉकडाउन में धर्मकांटा पर आधा दर्जन बदमाशों ने मालिक को गोली मारकर डाली डकैती

BUSINESS Crime HEALTH NATIONAL PRESS RELEASE REGIONAL

Agra(Uttar Pradesh,India)। थाना जगनेर क्षेत्र में लॉकडाउन के दौरान धर्मकांटा पर शुक्रवार आधी रात को आधा दर्जन बदमाशों ने डाका डाल दिया। धर्मकांटा का गेट नहीं खोलने पर बदमाशों उसके मालिक को गोली मारकर घायल कर दिया। इसके बाद गेट खुलवाकर बदमाश एक लाख रुपये से अधिक लूटकर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी करके चेकिंग की। मगर बदमाश हाथ नहीं आए।

ये है घटना
कस्बा जगनेर निवासी अमित कुमार बिंदल पुत्र रामकुमार का आगरा रोड पर धर्मकांटा है। रोजाना की तरह शुक्रवार रात को पिता-पुत्र दोनों धर्मकांटा पर सो रहे थे। आधी रात को नकाबपोश छह बदमाशों ने धर्मकांटा पर धावा बोल दिया। बदमाशों ने पिता-पुत्र से धर्मकांटा परिसर में बने कमरे का गेट खुलवाने का प्रयास किया। गेट नहीं खोलने पर बदमाशों ने गेट के नीचे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने कमरे का लोहे का जंगला काटना शुरू कर दिया।

बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को दी सूचना
बदमाशों की गोली अमित बिंदल के पैर में लग गई। इससे वह घायल हो गए। इससे पिता-पुत्र दोनों दहशत में आ गए। उन्होंने कमरे का गेट खोल दिया। इसके बाद अंदर घुसे बदमाशों ने पिता-पुत्र के साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद उनसे तिजोरी की चाबी ले ली। बदमाशों ने तिजोरी में रखा एक लाख रुपये से अधिक लूट लिया। लूट के बाद पिता-पुत्र को कमरे में बंद कर दिया। घटना से दहशत में आए अमित ने बदमाशों के जाने के बाद काफी देर बाद अपने मोबाइल से पुलिस को डकैती की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हडकंप मच गया। मौके पर थाने का फाेर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घायल अमित को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

पूरी तैयारी से आए थे बदमाश
लूटपाट के बाद बदमाशों के पैदल भागने जानकारी होने पर पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर दी। कई घंटे तक चेकिंग अभियान चलाया। मगर बदमाशों का पता नहीं चला। आशंका है कि बदमाशों को धर्मकांटा पर रकम होने का पहले से पता था। इसीलिए वह पूरी तैयारी के साथ आए थे। पुलिस के अनुसार बदमाशों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।

भूसा खरीददार बनकर आए होंगे बदमाश
इस समय भूसे की खरीद चल रही है। आसपास जिलों के लोग ट्रकों में यहां से भूसा खरीदकर ले जाते हैं। पुलिस काे आशंका है कि बदमाश खरीददार बनकर किसी बड़े वाहन से आए होंगे। लूटपाट के दौरान वह अपनी गाड़ी कहीं दूर खड़ी कर आए होंगे। पुलिस बदमाशाें का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

ये बोले पुलिस अधिकारी
सी ओ खेरागढ ने बताया है कि पुलिस बदमाशों को पकडने का प्रयास कर रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड लिया जाएगा।