आगरा: इस वर्ष के अंत तक आगरा देश का पहला ऐसा शहर बन जाएगा जहां से पांच वंदे भारत और एक वंदे मेट्रो ट्रेन का परिचालन होगा। देश की दूसरी मेट्रो वंदे भारत ट्रेन (नमो भारत रैपिड रेल) यहां से प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए चलाई जाएगी। रेलवे बोर्ड दीपावली के आसपास आगरा छावनी स्टेशन से लखनऊ तक मेट्रो वंदे भारत ट्रेन शुरू करने जा रहा है। रेल मंडल ने ट्रेन के परिचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नमो भारत रेपिड रेल के नाम से
जानी जाने वाली यह मेट्रो वंदे भारत ट्रेन आगरा फोर्ट-लखनऊ इंटरसिटी का स्थान ले सकती है। जल्द ही ट्रेन के चलने की तारीख, समय और किराए की घोषणा कर दी जायेगी। पहली नमो भारत रैपिड ट्रेन गुजरात के भुज से अहमदाबाद के बीच चलती है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछली 16 सितंबर को इस ट्रेन का वर्चुअली उद्घाटन किया था। देश के उत्तर से लेकर दक्षिण तक और पूरब से लेकर पश्चिम तक अधिकांश ट्रेन आगरा छावनी स्टेशन अथवा आगरा फोर्ट स्टेशन से होकर ही गुजरती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए आगरा को अब तक पांच वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है। अब बारी देश की दूसरी मेट्रो वंदे भारत ट्रेन को आगरा से लखनऊ के बीच दौड़ाने की तैयारी है।
वर्ष के अंत तक आगरा देश का पहला ऐसा शहर बन जाएगा जहां से पांच वंदेभारत और एक वंदे मेट्रो ट्रेन का परिचालन होगा। अभी यहां आगरा कैंट-बनारस वंदेभारत, आगरा कैंट- उदयपुर वंदेभारत (सप्ताह में तीन दिन), हजरत निजामुद्दीन- रानी कमलापति वंदेभारत, हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदेभारत आगरा कैंट से चल रही हैं या फिर गुजर रही हैं।
पांचवीं वंदेभारत ट्रेन आगरा कैंट से जोधपुर के बीच शुरू होने जा रही है। जोधपुर-साबरमती के मध्य चल रही वंदेभारत ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन वाया जयपुर आगरा तक चलाने की योजना है। ट्रेन उन तीन दिनों में संचालित होगी जिन दिनों में आगरा कैंट-उदयपुर वंदेभारत संचालित नहीं होती है। आगरा कैंट-जोधपुर वंदेभारत के परिचालन, समय सारिणी व किराए की घोषणा भी जल्द होगी।
आगरा-लखनऊ मेट्रो वंदेभारत ट्रेन का परिचालन सप्ताह में छह दिन होगा। अभी यह तय नहीं हुआ है कि ट्रेन का रखरखाव आगरा में होगा अथवा लखनऊ में। उम्मीद है कि दीपावली के आसपास ट्रेन का परिचालन शुरू हो सकता है। आगरा रेल मंडल की जन संपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव का कहना है कि आगरा कैंट-लखनऊ वंदे मेट्रो के लिए आधिकारिक पत्र प्राप्त होते ही ट्रेन के परिचालन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।
- आगरा के थाना सैंया क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, मेले से लापता हुई लड़की का शव पेड़ से लटका मिलने से मचा हड़कंप - September 14, 2026
- आगरा बेसिक शिक्षा विभाग में ट्रांसफर सूची को लेकर मचा हड़कंप, खंड शिक्षाधिकारी के पद पर दर्ज हो गया सहायक अध्यापक का नाम - September 14, 2026
- आगरा के बापू नगर में 60 वर्षों से बसे 200 से अधिक परिवारों पर मंडराया बेघर होने का खतरा, सिंचाई विभाग के नोटिस से मची खलबली - September 14, 2026