मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। 45 मिनट चली मुलाकात में उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की। इसमें उन्होंने मोदी से आग्रह किया कि मध्य प्रदेश में प्रवासी भारतीय दिवस का आयोजन किया जाए। इसे स्वीकार कर लिया गया है। 9 जनवरी को इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का आयोजन होगा। इससे पहले 7 और 8 जनवरी को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन होगा।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद चौहान ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में चल रहे विकास के कामों और जनकल्याणकारी कामों की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। वह मैन ऑफ आइडियाज हैं। उनका मार्गदर्शन हमें मिलता रहता है। उनके सुझावों को हम क्रियान्वित करने जा रहे हैं। मुख्य रूप से जो चीजें तय हुई हैं, वह यह है कि पहले हम 4 से 6 नवंबर के बीच इन्वेस्टर समिट करने वाले थे। अब हम इसे जनवरी में आयोजित करेंगे।
उज्जैन आएंगे प्रधानमंत्री, दी सहमति
मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्जैन में महाकाल महाराज के मंदिर परिसर बनकर तैयार है। यह अपने आप में अद्भुत है। इस परिसर में रूद्र सागर सरोवर, शिव स्तंभ, सप्त ऋषि स्थल, कमल-कुंड, नवग्रह वाटिका है, जिनका लोकार्पण हम उनके हाथों संपन्न कराना चाहते हैं। शिवकथा को चित्रित करने का काम हुआ है। यह अपने आप में अद्भुत है। प्रधानमंत्री जी से मैंने निवेदन किया कि इसका लोकार्पण उनके हाथों से संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री जी ने सहमति दे दी है। वे इस परिसर को लोकार्पित करेंगे।
स्टार्टअप पॉलिसी को लॉन्च करेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में स्टार्टअप बड़ी तेजी से उभर रहे हैं। हमने अपनी स्टार्टअप की पॉलिसी बनाई है। स्टार्टअप की हमारी पॉलिसी बनी हुई है। उसको हम लॉन्च करना चाहते हैं। उसके लिए भी मैंने समय मांगा। मई मे वह समय भी हमको वर्चुअली जुड़ने का प्रधानमंत्री जी से मिलेगा।
मध्यप्रदेश में ई-रुपी के प्रयोग की जानकारी
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण तथा एनपीसीआई के साथ विशेषज्ञ परामर्श कर प्रदेश में ई-रुपी का उपयोग सुनियोजित रूप से प्रारंभ किया गया है। विभिन्न शासकीय योजनाओं में कृषि उपकरण क्रय हेतु ई-रुपी का उपयोग किया जाएगा। शिक्षा विभाग द्वारा हर साल 5.75 लाख छात्रों को साइकिल खरीदने हेतु 200 करोड़ की राशि का वितरण होता है। ई-रुपी के माध्यम से साइकिल वितरण हेतु राशि वितरण भोपाल तथा इंदौर जिले में की जाएगी। इसके लिए 2022-23 में पायलट योजना का क्रियान्वयन होगा। इसमें 9250 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा।
-एजेंसियां
- मुंबई को मिली ‘सोलर इन फुल ब्लूम’ की सौगात: जुहू में अवादा ग्रुप की अनोखी कलाकृति का अनावरण - June 27, 2026
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर छलका धीरेंद्र शास्त्री का दर्द, बोले- “रावण ने सीता जी को चुराया था, इन्होंने तो करोड़ों का भरोसा लूटा” - June 27, 2026
- अयोध्या चढ़ावा मामला: इस्तीफा प्रकरण के बीच ट्रस्ट ने कहा- चंपत राय और अनिल मिश्रा के त्यागपत्र पर न्यास करेगा विचार, अफवाहों से बचने की अपील - June 27, 2026