महराजगंज : महराजगंज जनपद के नगर पंचायत पनियरा से एक मार्मिक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। करीब पांच दशकों तक साथ निभाने वाले एक दंपत्ति ने एक ही दिन दुनिया को अलविदा कह दिया। पति के निधन का गहरा आघात पत्नी सहन नहीं कर सकीं और कुछ ही समय बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया। परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया।
वार्ड नंबर 10, दीन दयाल नगर निवासी लालमन सिंह (70) लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बुधवार रात उन्होंने परिवार के साथ भोजन किया और रोज़ की तरह सोने चले गए। पास ही उनकी पत्नी रुमाली देवी (62) भी विश्राम कर रही थीं।
गुरुवार सुबह जब रुमाली देवी ने पति को जगाने की कोशिश की तो वे कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। शरीर ठंडा पड़ चुका था। यह दृश्य देखते ही वे टूट गईं और पति के शव से लिपटकर विलाप करने लगीं।
परिजनों के मुताबिक, गहरे सदमे में डूबी रुमाली देवी कुछ ही देर बाद बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिवार के लोग उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनका भी निधन हो गया। पति के वियोग का आघात वे सह नहीं सकीं।
एक ही घर में कुछ ही मिनटों के अंतराल में हुई दो मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीनों बेटे—जगदीश, प्रदीप और संदीप—नाती-पोतों के साथ बेसुध होकर रोते रहे। बाद में दोनों के पार्थिव शरीरों का भौराबारी पुल के पास रोहिन नदी तट पर अंतिम संस्कार किया गया। पति-पत्नी को एक ही चिता पर अग्नि दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा अटूट प्रेम और जीवनभर का साथ बहुत कम देखने को मिलता है। पनियरा की यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और जिसने भी इस दंपत्ति की कहानी सुनी, वह भावुक हुए बिना नहीं रह सका।
- ताजनगरी में सीएम योगी का ‘राधे-राधे’, आगरा को जल्द मिलेगा ‘इंटरनेशनल एयरपोर्ट’, 342 करोड़ की परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास - July 25, 2026
- रिश्तों में ‘आंगन’ बना रहे, दीवार नहीं…रेडियो मधुबन के कार्यक्रम में कवि कुमार ललित ने बिखेरे पारिवारिक मूल्यों के मोती - July 25, 2026
- 200 साल पुरानी परंपरा: भगवान जगन्नाथ मंदिर में देवशयनी एकादशी पर भक्ति की बयार, पांचवीं पीढ़ी संभाल रही सेवा का जिम्मा - July 25, 2026